हिसार। जनस्वास्थ्य विभाग की लैब में नई मशीन आई है। इस मशीन की मदद से पहले के मुकाबले दोगुने सैंपल की जांच की जा सकेगी। इसके अलावा इस मशीन से मिलने वाली रिपोर्ट पहले से ज्यादा विश्वसनीय होगी।
बता दें कि फिलहाल लैब में एमपीएन (मॉस्ट प्रोबेबल नंबर) टेक्नीक से पानी के सैंपल की जांच की जा रही है। इस तकनीक से सैंपल की रिपोर्ट आने में 48 घंटे का समय लग जाता है। इसके अलावा यह तकनीक महंगी भी है।
यूएसए की मशीन से होगी पानी की जांच
विभाग की लैब में कोलीलर्ट नाम की मशीन आई है। यह मशीन यूएसए निर्मित है। इस मशीन की मदद से सैंपल की रिपोर्ट 18 घंटे में ही मिल जाएगी। इस मशीन की कीमत करीब 6 लाख रुपये है। अधिकारियों के मुताबिक इस मशीन से मिलने वाले रिजल्ट अधिक स्टीक होंगे। फिलहाल लैब में दिन भर में 50 सैंपल की जांच हो पाती है, लेकिन इस मशीन से करीब 100 सैंपल की जांच की जा सकेगी।
500 रुपये में करा सकते हैं सभी प्रकार की जांच
अधिकारियों के अनुसार इस लैब में कोई व्यक्ति पानी के सैंपल की जांच करवा सकता है। इसके लिए उसे ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद उसे सैंपल लैब में देने होंगे। केमिकल जांच के लिए 250 रुपये लगेंगे और इसके लिए दो लीटर पानी सैंपल के तौर पर देना होता है। वहीं टेक्निकल जांच के लिए भी 250 रुपये लगेंगे। 250 एमएल में यह टेस्ट होता है।
नई मशीन आ गई है। मगर अभी इसके केमिकल की खरीद की जानी है। केमिकल आने के साथ ही इस से सैंपल जांच का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। -
राजीव सिहाग, केमिस्ट, जनस्वास्थ्य विभाग