हिसार। आखिरकार 4 दिन बंद रहने के बाद सोमवार को एनडीसी पोर्टल खुला। इस दौरान आई तकनीकी खामी के कारण काम में बाधा आई, जिससे प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित काम से आए आमजन को समस्या का सामना करना पड़ा।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने मरम्मत कार्य के चलते एनडीसी पोर्टल को 17 से 20 अक्तूबर तक बंद कर दिया था। पोर्टल के बंद रहने से प्रॉपर्टी टैक्स संबंधी कोई कार्य नहीं हो सका। हालांकि सोमवार को पोर्टल खुल गया। मगर तकनीकी समस्या के कारण कामकाज में काफी दिक्कत आई। इस समस्या के कारण क्लर्क प्रॉपर्टी टैक्स की फाइलों का स्टेटस नहीं देख सके, जिस कारण लंबित फाइलों के निपटान का कार्य नहीं हो सका। वहीं शहरवासी निगम कार्यालय में प्रॉपर्टी टैक्स की त्रुटियों को ठीक करवाने को लेकर ऑनलाइन आवेदन करने पहुंचे, लेकिन पोर्टल के ठीक से न चलने के कारण काफी लोगों को बिना आवेदन किए ही लौटना पड़ा।
नगर निगम में समाधान शिविर आज से
नगर निगम में मंगलवार को समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में निगम संबंधी सभी समस्याओं की सुनवाई कर उनका समाधान किया जाएगा। निगमायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि यह शिविर एक माह तक निगम कार्यालय में लगाया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 9 से 11 बजे तक निगम के मुख्य सभागार में किया जाएगा। इस दौरान निगम के सभी अधिकारी मौजूद रहेंगे।