हिसार। राजली गांव में बाबा नागा मंदिर में बने पुस्तकालय में सर्व जातीय बूरा खाप पंचायत के 9 गांव की पंचायत का आयोजन किया गया। इसमें कहा गया कि अब नई पंचायत का गठन होगा। पंचायत किसी एक गोत्र की नहीं होगी बल्कि सभी जातियों को मिलाकर होगी, जिसे नोगामा पंचायत कहा जाएगा। 11 बजे शुरू हुई पंचायत 3 बजे संपन्न हुई, जिसमें सबकी सहमति से फैसला हुआ कि सर्व जातीय बूरा खाप पंचायत को अब सर्व जातीय नौगामा पंचायत के नाम से जाना जाएगा। सर्व जातीय नौगामा खाप पंचायत के प्रधान सहित नई कार्यकारिणी का गठन 26 को किया जाएगा।
पंचायत की अध्यक्षता बुजुर्ग ओम प्रकाश शर्मा ने की। इस दौरान आयोजित पंचायत में सर्व जातीय बूरा खाप के मौजूदा प्रधान हरनारायण बूरा राजली अस्वस्थ होने के कारण पंचायत में शामिल नहीं हो पाए। पंचायत में 9 गांव से आए ग्रामीणों ने अपने-अपने विचार रखे। नौगांव से आये पंचायत के लोगों ने सरपंच एसोसिएशन को दिया समर्थन कहा हम आपके साथ खड़े हैं। इससे पहले सर्व जातीय बूरा खाप पंचायत सरपंचों को समर्थन कर चुकी है। रविवार को हुई पंचायत में भी पंचायत के लोगों ने एलान कर दिया कि सुख दुख की घड़ी में हम हमेशा सरपंचों के साथ रहेंगे।
इस दौरान, पूर्व सरपंच बधेवा, सरपंच प्रतिनिधि वजीर सिंह, सुलखनी सरपंच प्रतिनिधि विकास रेलन, गुराना के पूर्व सरपंच बारू राम बूरा, गुलशन सरदाना, धर्मपाल बूरा घिराय, अजीत खरकड़ी, संदीप सांगा, शमशेर घिराय, बलजीत सुलखनी, जगदीश नंबरदार, खानपुर के सरपंच रामपाल, रमेश गुराना सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।