मंडी आदमपुर। बंदूकों के साथ पकड़ा गया आरोपी व जानकारी लेते समिति सदस्य विनोद मल्लापुर।
मंडी आदमपुर। वन्य जीव रक्षा विभाग की टीम ने आदमपुर जीव रक्षा समिति के सदस्यों के साथ कई गांवों में अभियान चलाया। इस अभियान में गांव भोड़िया बिश्नोईयान में खेतों की रखवाली कर रहे राजस्थान निवासी व्यक्ति को तीन टोपीदार बंदूक और रौंद के साथ पकड़ा है।
विभाग के उप निरीक्षक दिनेश जांगड़ा ने आदमपुर जीव रक्षा समिति के प्रधान कृष्ण राड़, विनोद मल्लापुर के साथ गांव भोड़िया बिश्नोईयान, कालीरावण, खैरमपुर, सदलपुर सहित कई गांवों में छापा मारा। टीम के आने का पता लगते ही बाद कई शिकारी फरार हो गए। उप निरीक्षक दिनेश जांगड़ा ने बताया कि वन्य जीवों की रक्षा के लिए टीम का अभियान जारी रहेगा। पकड़े गए व्यक्ति का नाम सुल्तान सिंह है, जो भादरा के गांव गांधी का रहने वाला है। प्राथमिक पूछताछ में उसने बताया कि उसके पास बंदूक का लाइसेंस है। फिलहाल वह लाइसेंस दिखा नहीं पाया है। टीम ने टोपीदार तीन बंदूकों और रौंद के साथ रंगीन छोटे-छोटे पत्थर भी बरामद किए हैं। बता दें कि शिकारियों की वजह से आदमपुर हिसार सहित क्षेत्र में वन्य जीवों की संख्या लगातार घट रही है।