मृतका शीतल के साथ ट्रस्ट में शादी करता युवक मंदीप।
हिसार। आजाद नगर की चार नंबर गली में रहने वाली युवती शीतल की उसके घरवालों ने आन की खातिर हत्या कर दी। किसी को पता न चले इसलिए शव का रातों रात आजाद नगर के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार तक की डाला। इस बारे में युवती से शादी करने वाले खरकड़ा निवासी मंदीप को पता चला तो उसने आजाद नगर थाना में शिकायत दी। इसके बाद डीएसपी विनोद शंकर, आजाद नगर थाना प्रभारी रमेश कुमार टीम के साथ श्मशान घाट पहुंचे। टीम ने वहां से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मंदीप की शिकायत पर मृतका के मामा जोगिंद्र, बहन सोनिया, रंजना और भाई संदीप के खिलाफ हत्या और शव को खुर्द-बुर्द करने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रेम विवाद की पहली सालगिरह पर ही कर दी हत्या
पुलिस को दी गई शिकायत में खरकड़ा निवासी मंदीप ने बताया कि करीब 6 साल पहले आजाद नगर की गली नंबर चार में रहने वाली शीतल से जाट स्कूल के बाहर मुलाकात हुई थी। उस समय शीतल दसवीं कक्षा की परीक्षा देने आई थी। इसके बाद 29 अक्तूबर 2022 को हिंदू रीति रिवाज के साथ बालाजी वेलफेयर ट्रस्ट में उन्होंने प्रेम विवाह किया था। शीतल से शादी करने पर मेरे परिवार को कोई एतराज नहीं था, जबकि उसके परिजनों ने आपत्ति जताई थी। 29 अक्तूबर को उनकी पहली सालगिरह थी।
दिसंबर में कर देंगे शादी
मंदीप ने बताया कि शादी करने के बाद शीतल के मामा जोगिंद्र ने आश्वासन दिया था कि दिसंबर महीने में शीतल के भाई की शादी है। उसी दौरान तुम्हारी भी रीति रिवाज से शादी करवा देंगे। आश्वासन के बाद शीतल को परिवार के साथ भेज दिया। इसके बाद फोन पर अक्सर बातचीत होती थी। एक सप्ताह पहले शीतल ने बताया था कि परिवार वाले परेशान कर रहे हैं। मामा और दो बहनें मारपीट करती हैं। भाई सेना में है वह भी फोन पर जान से मारने की धमकी देता है और कहता है कि या तो खुद मर जा नहीं तो आने के बाद वह उसे जान से मार देगा।
शनिवार को मिला था
मंदीप ने बताया कि शनिवार दोपहर एक बजकर 44 मिनट पर शीतल का मैसेज आया था। उसने बताया था कि परिवार वाले जान से मारने की की साजिश रच रहे हैं। मैसेज आने के बाद शाम करीब 4 बजे मिलने आजाद नगर आया था। वह घर के बाहर मिलने आई थी। उस समय भी शीतल ने अपनी जान का खतरा बताया था। इस दौरान उसने उसे समझाकर घर जाने को कहा था।
दोस्त को घर भेजा तो पता चला
रविवार सुबह दोस्त को शीतल के घर भेजा तो उस समय पता चला कि रात को ही शीतल की मौत हो चुकी और शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया है। पता चलने पर शीतल के मामा के पास फोन किया तो उसने कहा कि जो करना था वो कर दिया।
खरकड़ा निवासी मंदीप की शिकायत पर शीतल के मामा जोगिंद्र, बहन सोनिया, रंजना और भाई संदीप के खिलाफ हत्या और शव को खुर्द बुर्द करने का केस दर्ज किया है। मामले की हर पहलू पर जांच की जा रही है। -
रमेश कुमार, आजाद नगर थाना प्रभारी, हिसार