नगर परिषद में युवक से पैर पकड़वाते सफाई कर्मचारी
हांसी। वार्ड-8 में कचरा कलेक्शन के लिए गए सफाई दरोगा के साथ एक पिता-पुत्र ने मारपीट की। विवाद टिपर हटाने को लेकर हुआ था। इस मामले में नगर परिषद कार्यालय में हुई बैठक में आरोपी से कर्मचारियों ने पैर पकड़वाकर माफी मंगवाई।
घटना सुबह साढ़े नौ बजे की है। घटना की जानकारी देते हुए सफाई दरोगा नरेश ने बताया कि वह वार्ड-8 कचरा कलेक्शन के लिए टिपर लेकर गए थे। टिपर में कुछ महिलाएं कचरा फेंक रही थीं। इस दौरान वहां स्कूटी पर सवार होकर आए पिता-पुत्र ने उन्हें टीपर हटाने के लिए कहा। जिस पर उन्होंने उन्हें 2 मिनट रुकने के लिए कहा। ऐसा सुनते ही पिता-पुत्र ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान उनके कपड़े भी फट गए। आरोप है कि पिता-पुत्र उनका मोबाइल भी छीन कर ले गए। वहां पर उपस्थित अन्य सफाई कर्मचारी पहुंचे। सफाई दरोगा ने इस मामले की सूचना अन्य सफाई कर्मचारियों व नगरपालिका कर्मचारी संघ को दी। जिसके बाद सभी कर्मचारी परिषद कार्यालय में एकत्रित हुए और अधिकारियों को भी इस मामले में सूचना दी गई है। घायल हुए नगर परिषद के कर्मी को सिविल अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल कराया गया। दोपहर को इस मामले में नगर परिषद में कर्मचारियों के गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। जिसमें चेयरमैन प्रवीण एलावादी व वार्ड 8 के पार्षद कुक्कू सरदार भी पहुंचे। वहीं पर आरोपी पिता-पुत्र को बुलाया गया। चेयरमैन प्रवीण एलावादी ने वहां कहा की युवक अब माफी मांग रहा है। सफाई दरोगा नरेश ने युवक को कहा कि उनके पैर पकड़े। इस पर युवक ने उनके पैर पकड़े तो बाद में कर्मचारियों ने वहां खड़े अन्य कर्मचारियों के पैर भी पकड़ने के लिए कहा। युवक ने उन सब के भी पैर पकड़े और इसके बाद मामला शांत हो गया।