हिसार। नगर निगम के मुख्य सभागार में अतिरिक्त निगमायुक्त प्रदीप हुड्डा की अध्यक्षता में जिले की सभी निकायों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान निगम अधिकारियों ने बताया कि वह प्रॉपर्टी टैक्स के निर्धारित लक्ष्य के करीब पहुंच गए हैं। इसके अलावा टैक्स वसूली के लिए करीब 70 डिफॉल्टर को नोटिस दिए हैं। इन नोटिस के तहत डिफॉल्टरों को 15 दिन का समय दिया गया है। नोटिस के माध्यम से उन्हें कहा गया है कि अगर उन्हें टैंक्स की राशि को लेकर कोई आपत्ति है तो अपनी आपत्ति दर्ज करवाएं या फिर बकाया टैक्स राशि जमा करवाएं। अतिरिक्त निगमायुक्त ने बाकी सभी निकायों को ज्यादा से ज्यादा प्रॉपर्टी टैक्स रिकवरी के आदेश दिए।
इस दौरान प्रॉपर्टी के सेल्फ सर्टिफिकेशन को लेकर चर्चा की गई। निगम अधिकारियों ने बताया कि निगम की करीब 86 प्रतिशत प्रॉपर्टी का सेल्फ सर्टिफिकेशन कर दिया गया है। वहीं हांसी नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि करीब 50 प्रतिशत प्रॉपर्टी का सेल्फ सर्टिफिकेशन किया गया है। वहीं नारनौंद नगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि अभी तक एक ही प्रॉपर्टी का सेल्फ सर्टिफिकेशन नहीं हुआ। इस पर अधिकारियों ने दोनों निकायों को सेल्फ सर्टिफिकेशन के कार्य में तेजी लाने को कहा।
डोर टू डोर कचरा उठाने के लिए लगाएं टेंडर
बैठक में सभी निकायों को निर्देश दिए गए कि वह डोर टू डोर कचरा उठाने का टेंडर लगाएं। साथ ही सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। इस अवसर पर अधिकारियों से सीएम घोषणाओं पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट ली गई। इसके अलावा निकायों को सड़कों के कार्य, पार्कों के सुंदरीकरण व विकास कार्यों के बचे हुए कार्य को समय पर करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में उप निगम आयुक्त विरेंद्र सहारण, एक्सईएन संदीप सिहाग व संदीप धुंधवाल, सीएमजीजीए साकेत शुभ व शुभम चतुर्वेदी, सीपीओ सुनील वर्मा, अधीक्षक बनवारी लाल, हांसी से ईओ राजाराम, एक्सईएन जयवीर डूडी, बरवाला से एमई अमित बेरवाल, आदमपुर से सचिव राहुल सैनी, नारनौंद से सचिव प्रदीप कुमार, उकलाना से एमई खेमचंद और सचिव संदीप कुमार वीसी के माध्यम से शामिल हुए।