हिसार। नगर निगम प्रशासन ने सॉलिड वेस्ट प्लांट को लेकर जमीन खरीदने के लिए मुख्यालय से बजट की डिमांड की है। निगम का तर्क है कि उनके पास जमीन खरीदने के लिए बजट नहीं है। उन्हें इसके लिए बजट उपलब्ध करवाया जाए ताकि वह जमीन खरीदकर प्लांट लगाने की प्रक्रिया को शुरू कर सके।
बता दें कि नगर निगम ने सॉलिड वेस्ट प्लांट के लिए हांसी के पास करीब 17 एकड़ जमीन का चयन किया है। यहां कलस्टर स्तरीय प्लांट लगाया जाएगा। 11 निकायों के कचरे का यहां निस्तारण किया जाएगा। इस जमीन के लिए नगर निगम को प्रदेश सरकार को 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि का भुगतान करना होगा। इस प्लांट पर करीब 480 टन कचरे का निस्तारण होगा। जिन 11 निकायों का कचरा यहां पहुंचेगा, उनमें हिसार, हांसी, बरवाला, उकलाना, नारनौंद, आदमपुर, सिवानी, फतेहाबाद, टोहाना, रतिया व भूना शामिल है।
आगे यह रहेगी प्रक्रिया
जमीन खरीद की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक कंसलटेंट एजेंसी के माध्यम से सर्वे करवाया जाएगा कि यहां किस तरह प्लांट लगाना उचित होगा। मसलन इस प्लांट पर आने वाले कचरे से बिजली बनेगी या फिर कचरे से किसी अन्य वस्तु का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उक्त एजेंसी यहां आने वाले कचरे के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार कर निगम प्रशासन को सौंपेगी। उस रिपोर्ट के आधार ही इस प्रोजेक्ट की डीपीआर व डीएनआईटी तैयार की जाएगी।
स्वच्छता सर्वेक्षण में भी शामिल है सॉलिड वेस्ट प्लांट के अंक
केंद्र सरकार की तरफ से हर साल करवाए जाने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण के अंकों में सॉलिड वेस्ट प्लांट के अंक भी हैं। सॉलिड वेस्ट प्लांट न होने से हर साल नगर निगम के अंक कटते है, जिसका नुकसान रैंकिंग में उठाना पड़ता है। अगर यह योजना सिरे चढ़ती है तो सर्वेक्षण में शहर की रैंकिंग में भी सुधार होगा।
वर्जन
जमीन खरीदने के लिए मुख्यालय से बजट की मांग की है। बजट मिलने के साथ ही खरीद प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। जमीन का मालिकाना हक मिलने के बाद आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
डॉ. प्रदीप हुड्डा, एएमसी, नगर निगम