हिसार। मोबाइल का उपयोग दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। उपयोग के साथ-साथ दुरुपयोग भी बढ़ रहा है। लोगों को मोबाइल की लत लग गई है। इसी लत का फायदा उठाकर साइबर अपराधी युवाओं को अपने झांसे में फंसाकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। ऐसी ही एक घटना मोहाली में एक यूनिवर्सिटी में घटित हुई। जहां हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुए। इस क्राइम में लड़के ही नहीं बल्कि लड़कियां भी शिकार हो रही हैं। मोहाली यूनिवर्सिटी की घटना के बाद हिसार के कॉलेज व यूनिवर्सिटी के शिक्षक भी सख्त हो गए हैं। कॉलेज महिला विंग द्वारा छात्राओं को मोबाइल प्रयोग के बारे में जागरूक करना शुरू कर दिया है। बुधवार को गवर्नमेंट कॉलेज नलवा में ऑरियनटेशन कार्यक्रम होगा, जिसमें कॉलेज के विद्यार्थियों को मोबाइल प्रयोग व साइबर अपराध से बचने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं गवर्नमेंट पीजी कॉलेज हिसार में भी प्राचार्य द्वारा छात्राओं को जागरूक करने के लिए महिला विंग के कार्यक्रमों का शेड्यूल निर्धारित किया गया है।
प्रोफेसर से बातचीत
कॉलेज में दाखिला लेने वाले सभी विद्यार्थियों को ऑरियनटेशन कार्यक्रम में इस प्रकार की जानकारियां दी हैं। फिलहाल जो घटना मोहाली यूनिवर्सिटी में घटी है वह मोबाइल के दुरुपयोग का बड़ा उदाहरण है। इस प्रकार की घटना हमारे यहां न घटे इसके लिए हमने कॉलेज के विद्यार्थियों की क्लास वाइज काउंसिलिंग शुरू कर दी है। खासतौर पर छात्राओं को मोबाइल के प्रयोग के बारे में समझाया जा रहा है। उन्हें सोशल मीडिया से दूरी बनानी के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।
डॉ. दीपमाला लोहान, प्रिंसिपल गवर्नमेंट पीजी कॉलेज हिसार।
मोबाइल का दुरुपयोग विद्यार्थियों के भविष्य को अंधकार में ले जाता है। इसलिए विद्यार्थियों को मोबाइल का दुरुपयोग कतई नहीं करना चाहिए। हमारे कॉलेज में बुधवार को ऑरियनटेेशन कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को खासतौर पर मोबाइल के दुरुपयोग से बचने बारे प्रेरित किया जाएगा। पहले हम छात्राओं को लड़कों से बचाव की बात करते थे, लेकिन मोहाली यूनिवर्सिटी वाली घटना ने हमें आश्चर्यचकित कर दिया है।
प्रो. कविता खरिंटा, महिला विंग इंचार्ज, गवर्नमेंट कॉलेज नलवा।
मोबाइल हमारे लिए बना है, हम मोबाइल के लिए नहीं। जिस लक्ष्य के लिए विद्यार्थियों ने कॉलेजों में दाखिला लिया है, उसी लक्ष्य प्राप्ति के लिए उनको आगे बढ़ना है। मोबाइल का दुरुपयोग विद्यार्थियों का जीवन तबाह कर सकता है। मेरा विद्यार्थियों से कहना है कि वे अपने माता-पिता, भाई बहन व अपने परिवार के मान सम्मान को ध्यान में रखते हुए काम करें। वे ऐसा कोई काम न करें जिससे उनके परिवार को नीचा देखना पड़े। मोबाइल का यूज करें मिस न करें। अगर किसी छात्रा को मोबाइल संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या आ रही है। कोई उसको तंग कर रहा है तो उसको बेझिझक कॉलेज महिला विंग को बताना चाहिए।
असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कमलेश ख्यालिया, पंडित नेकीराम शर्मा कॉलेज, रोहतक।
मेरी सभी विद्यार्थियों से अपील है कि वे कॉलेज में ही नहीं बल्कि कहीं भी हो मोबाइल का दुरुपयोग न करें। मोबाइल का दुरुपयोग हम सबके लिए बहुत खतरनाक है। जो पढ़ाई करने लिए विद्यार्थी कॉलेज में दाखिला लेते हैं। उनको उसी पर फोकस रखना चाहिए। इसके लिए विद्यार्थियों को लाइब्रेरी में प्रेरक पुस्तकें पढ़नी चाहिए। कोई समस्या है तो अपने शिक्षकों को बतानी चाहिए।
-डॉ. स्नेहलता, मीडिया प्रभारी गवर्नमेंट पीजी कॉलेज हिसार।