बरवाला में कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते मंत्री रणबीर गंगवा।
बरवाला। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा मंगलवार को बरवाला स्थित जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बरवाला में लगभग 50 करोड़ रुपयों की लागत से बनने वाले सीवरेज ट्रीटमेंट परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना में 4 एमएलडी और साढ़े 5 एमएलडी क्षमता के दो अतिरिक्त सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किए जाने हैं। इससे बरवाला की सीवरेज प्रणाली को सुदृढ़ किया जा सकेगा। इस मौके पर अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री गंगवा ने कहा कि इस परियोजना के तहत शहर के अपशिष्ट जल को वैज्ञानिक और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप शुद्ध किया जाएगा। मल शोधन से निकले अपशिष्ट जल का निपटान 560 एमएम ओडी एचडीपीई राइजिंग मेन पाइप लाइन के माध्यम से घिराय गांव के पास स्थित नाले में सुरक्षित तरीके से किया जाएगा। इस तकनीक से न केवल प्रदूषण पर नियंत्रण होगा, बल्कि भूमिगत जलस्तर की सुरक्षा और स्वच्छता की दिशा में भी योगदान मिलेगा कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और इसे निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। इस अवसर पर जनस्वास्थ्य विभाग के चीफ इंजीनियर टीआर पंवार, एसई विकास सिंगरोहा, तहसीलदार रामनिवास भादू, रामचंद्र गंगवा, ब्लॉक समिति के चेयरमैन अजय गावड़, नगर पालिका चेयरमैन रमेश बैटरीवाला, चेयरमैन मार्केट कमेटी प्रवीण सैनी, मार्केट कमेटी पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह धीरू, महेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।