हांसी। नेशनल हाईवे पर हांसी सदर थाना क्षेत्र के ढाणां कला के पास शुक्रवार की रात करीब 10 बजे हुए सड़क हादसे में दो मौसेरे भाइयों की मौके पर मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में पशुओं के लिए तूड़ा लेकर आ रहे दोनों भाई ट्रैक्टर पर बैठे थे। पीछे से मिनी ट्रक की टक्कर लगने से दोनों हाईवे पर गिर गए। जब तक संभल पाते, तब तक मिनी ट्रक इनके ऊपर से निकल गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। एक युवक बीड़ बाबरान व दूसरा मिर्जापुर का रहने वाला था।
ट्रैक्टर चालक सुरेन्द्र ने बताया कि पशुओं के लिए तुड़ी लेने गांव मदनहेड़ी गए थे। हमारे साथ बरवाला थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी मनदीप का बेटा देवेंद्र (17) और उसका मौसेरा भाई हिसार सदर थाना क्षेत्र के बीड़ बाबरान निवासी प्रदीप (30) भी मदनहेड़ी गए थे। वहां से लौटते समय शुक्रवार रात करीब 10 बजे गांव ढाणा कलां के पास ट्रैक्टर को पीछे से तेज गति से आ रहे मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रैक्टर पर बैठे देवेन्द्र व प्रदीप झटका लगने से नीचे गिर गए। सड़क पर गिरे दोनों भाइयों को मिनी ट्रक कुचलता हुआ निकल गया। देवेंन्द्र और प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
अनाथ हो गया पांच साल का बेटा
बीड़ बाबरान निवासी प्रदीप का पांच साल का बेटा है। पत्नी की चार साल पहले करंट लगने से मौत हो गई थी, अब हादसे में प्रदीप की जान चली गई। वहीं देवेन्द्र दो भाइयों में बड़ा था। वह दसवीं कक्षा में पढ़ता था।