हिसार के मिल गेट पर रोड निर्माण में हो रही देरी के विरोध में मिलगेट संघर्ष समिति ने आज धरना स्थल पर मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। समिति का धरना आज नौवें दिन भी जारी रहा। समिति ने कहा कि जब तक रोड का निर्माण शुरू नहीं होता तब तक उनका यह धरना जारी रहेगा। धरने को काफी संख्या में राजनीतिक व सामाजिक संगठन इस धरने को अपना समर्थन दे चुके हैं।
हिसार संघर्ष समिति आज शाम को करेगी अर्धनग्न प्रदर्शन
उधर हिसार संघर्ष समिति का आमरण अनशन भी आज जारी है। समिति प्रधान जितेंद्र श्योराण 5 दिनों से अनशन पर बैठे हुए हैं। समिति आज शाम 7:00 बजे इसी मुद्दे को लेकर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करेगी। इस रोड के निर्माण को लेकर समिति पहले भी कई बार धरना प्रदर्शन कर चुकी है। जितेंद्र श्योराण ने कहा कि शहर के विधायक, मेयर व जिला प्रशासन कोई भी इस रोड को लेकर गंभीर नहीं है जबकि शहर की जनता को इस कारण से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
काफी चर्चाओं में रहा है यह रोड
मिल गेट रोड इससे पहले भी काफी चर्चाओं में रहा है। वर्ष 2015 से पहले यह रोड नगर निगम के पास था। उस समय रोड निर्माण को लेकर वार्ड के पार्षद सहित स्थानीय लोगों ने 1 माह तक लगातार आंदोलन किया था। तब नगर निगम में बजट के अभाव में रोड निर्माण करने में असमर्थता जाहिर की थी तो तत्कालीन मुख्य संसदीय सचिव डॉक्टर कमल गुप्ता ने इस रोड को मार्केट कमेटी के हवाले करवा दिया था। फिर मार्केट कमेटी ने इस रोड का निर्माण किया था।
स्थानीय लोगों में काफी रोष
मगर जल्द ही रोड दोबारा से टूट गया। इस मामले की विजिलेंस जांच हुई तो ठेकेदार सहित कई अधिकारियों पर गाज गिरी थी। इसके बाद फिर से रोड निर्माण की मांग उठने लगी तो अब यह रोड बीएंडआर को दे दिया गया। इसके बाद विधायक डॉक्टर कमल गुप्ता ने अपने ग्रांट से इस रोड के लिए बजट उपलब्ध करवाया। इसके बाद विभाग ने रोड निर्माण को लेकर पोर्टल के माध्यम से टेंडर भी लगाया। मगर टेंडर खुलने के 1 माह बाद भी रोड का निर्माण शुरू नहीं हो सकता है। इसी को लेकर स्थानीय लोगों में काफी रोष है।