चरखी दादरी। एमएसपी की मांग पूरी कराने के लिए किसान आंदोलन के समर्थन में नेशनल हाईवे-152 डी के पास जनसंगठनों का धरना शनिवार को 16वें दिन भी जारी रहा। धरने के 16वें दिन संगठनों और खापों के पदाधिकारियों ने मांगों के लिए सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम नवीन कुमार को सौंपा।
खाप फौगाट-19 प्रधान बलवंत सिंह, सांगवान खाप-40 से राजेंद्र सिंह संगवान, श्योराण खाप-25 के प्रधान बिजेंद्र बेरला, हवेली खाप से प्रभुराम गोदारा, राजकुमार हड़ोदी, किसान नेता रणधीर कुंगड़, पंचगामा चिड़िया खाप के प्रधान राजबीर शास्त्री ने इस प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई की।
खाप फौगाट-19 के सचिव सुरेश फौगाट और प्रवक्ता शमशेर फौगाट ने संचालन किया। सुरेश ने कहा कि हरियाणा की मंडियों में सरसों की फसल एमएसपी 5,500 की बजाय 4,500 रुपये में खरीदी जा रही है। इससे किसानों को 1,000 रुपये प्रति क्विंटल नुकसान हो रहा है।
- मंडियों में सुविधाएं मुहैया करवाए सरकार : बलवंत
प्रधान बलवंत सिंह फौगाट ने कहा कि सरकार प्रभाव से सरसों फसल की एमएसपी पर खरीद शुरू करे और मंडियों में किसानों के लिए पीने का पानी उपलब्ध करवाए। रणधीर सिंह ने कहा कि अगर सरकार सरसों की खरीद पर एमएसपी लागू नहीं करेगी तो आंदोलन को और अधिक गति दी जाएगी।
- धरनास्थल पर ये भी रहे मौजूद
धरनास्थल पर खाप फौगाट-19 के उपप्रधान धर्मपाल महाराणा, डाॅ. ओमप्रकाश, सज्जन सिंह डोहकी, ओम नंबरदार, कल्याण प्रजापत, दिलबाग, प्रताप, सोम, राकेश खातीवास, रतन सिंह घिकाड़ा, महताब सिंह, अमरजीत, हिम्मत सिंह आदि मौजूद रहे।