हिसार। गांव खारिया में मकान बनाने के लिए लगे चिनाई मिस्त्री अमित की डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। आदमपुर खंड के गांव सीसवाल निवासी अमित को गंभीर हालत में वीरवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान अमित ने दम तोड़ दिया। सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
गांव सीसवाल निवासी प्रमोद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे तीन भाई हैं। वह सबसे बड़ा है। दूसरे नंबर पर अमित तथा सबसे छोटा विष्णु है। तीनों अविवाहित हैं। अमित करीब एक सप्ताह से कुम्हारिया निवासी कृष्ण, सीसवाल निवासी अजय के साथ चिनाई के काम करने के लिए खारिया गया था, जहां मकान बनाने का काम कर रहे थे।
वीरवार रात को करीब 10 बजे घटना की सूचना मिलने पर वह अपने घायल भाई को इलाज के लिए लेकर गया। रास्ते में अमित ने बताया कि मुकेश गिरी, अशोक नायक, आशीष उर्फ लालू व रवि नायक ने उसको चोट मारी हैं। चिकित्सकों ने उसे हिसार से उसके भाई को अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रमोद ने बताया कि करीब सप्ताह पहले उसके भाई अमित का सीसवाल के विकास उर्फ शूटर लोहार सीसवाल के साथ झगड़ा हो गया था। उसी रंजिश में आरोपियों ने उसके भाई पर हमला किया है।
युवक ने फंदे पर लटक कर जान दी
हिसार। हरिकोट गांव के खेत में बने कमरे में 22 वर्षीय युवक सूरज ने फंदा लग कर जान दे दी। पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार हरिकोट गांव में विनोद शुक्रवार सुबह अपने खेत में गया था। कोठे पर पहुंचा तो उसका गेट अंदर से बंद मिला। इसके बाद उसने खिड़की से देखा तो एक युवक फंदे पर लटका दिखा। उसने परिजनों और पुलिस को इसकी जानकारी दी। फंदे पर लटके युवक की पहचान गांव के ही सूरज के तौर पर हुई है। परिजनों ने बताया कि 22 वर्षीय सूरज वेल्डिंग का काम सीख रहा था। वीरवार को देर रात घर से खाना खाकर निकला था। पुलिस ने मृतक के पिता बिल्लू राम के बयान पर मामले में इत्तफाकिया मौत के मामले में कार्रवाई की है।