हिसार। डबल फाटक रोड स्थित कबाड़ के गोदाम पर शनिवार दोपहर बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने फायरिंग की और फरार हो गए। गोदाम संचालक भूषण ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे वह कर्मचारी के साथ अंदर था। आवाज सुनकर बाहर जाने लगा तो गोली चलने की आवाज आई। बाद में दो युवकों को बाइक घसीटकर ले जाते देखा। भूषण के अनुसार, कुछ युवक पुरानी रंजिश में कई दिनों से उसे गोली मारने की धमकी दे रहे हैं। पहले भी उनके खिलाफ शिकायत दी थी, लेकिन समझौता हो गया था। घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। पुरानी सब्जी मंडी चौकी के जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।