अग्रोहा। सिक्किम में सड़क हादसे में शहीद हुए गांव संदोल निवासी सोमबीर का रविवार को गांव संदोल में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पत्नी ने सैल्यूट कर शहीद को अंतिम विदाई दी तो वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। राज्यमंत्री अनूप धानक, एसडीएम जयवीर यादव समेत कई प्रमुख लोगों की मौजूदगी में छोटे भाई सुरेंद्र ने मुखाग्नि दी। वीर जवान को अंतिम विदाई देने के लिए रास्ते के दोनों तरफ महिलाओं, पुरुषों व बच्चों की भीड़ लगी थी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर शामिल हुए।
इससे पहले शहीद सोमबीर का पार्थिव शरीर रविवार सुबह 6 बजे सड़क मार्ग से दिल्ली से हिसार लाया गया। लांधड़ी चिकनवास टोल पर सुबह 8 बजे सैकड़ों लोग पहुंच गए थे। करीब 9 बजे शहीद सोमबीर का पार्थिव शरीर राजकीय सम्मान के साथ गांव से करीब एक किलोमीटर दूर किरमारा मार्ग स्थित ढाणी में लाया गया। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने शहीद के सम्मान में पुष्पवर्षा की। गांव से लेकर ढाणी तक लोगों की कतार लगी थी। हाथों में तिरंगा थामे लोग शहीद सोमबीर अमर रहें का जयघोष कर रहे थे।
सेना के जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर, शहीद के नाम से बनेगा पार्क
शहीद सोमबीर का शव गांव से ढाणी तक लाने में करीब 55 मिनट का समय लगा। ढाणी में जाते ही माता-पिता, पत्नी, बहन, भाई सहित परिवार के सभी सदस्यों ने अंतिम दर्शन किए। सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद बस स्टैंड के पास बने शहीद स्मारक लाया गया। यहां पंचायत की आधा एकड़ जमीन पर अंतिम संस्कार किया गया। सरपंच प्रतिनिधि सुरजीत सिंह ने बताया कि वर्ष 2002 में शहीद हुए गांव के ही श्रवण कुमार के शहीद स्मारक के पास शहीद सोमबीर के लिए आधा एकड़ जमीन अलग से दी गई है। इसमें शहीद सोमबीर के नाम से पार्क बनाया जाएगा।
ये रहे मौजूद
अंतिम संस्कार में राज्य मंत्री अनूप धानक, उकलाना हलका के पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, आशा खेदड़, पूर्व मंत्री प्रो. सम्पत सिंह, एसडीएम जयवीर यादव, तहसीलदार हरिकेश गुप्ता, थाना प्रभारी प्रताप सिह, नायब सूबेदार वीआई पाटिल, सुशील कुमार पांडे, सैनिक सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष चावल रोहिल्ला, सैनिक जिला बोर्ड से अनिल कुलिया, दलबीर सिंह गिल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।