हिसार। कसाबां मोहल्ले के रहने वाले साहिल (40) ने जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या कर ली है। शहर थाना पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है।
ऋषिनगर के पवन कुमार ने बताया कि उसका साला साहिल तेलियान पुल पर एक दुकान पर काम करता था। वह काफी दिनों से परेशान था। साले की घरवाली अंजू ने बताया कि साहिल ने एक बार एक लिंक पर क्लिक किया था, जिस पर उसके खाते में रुपये आ गए। बाद में किसी का फोन आया और कहा कि उसके रुपये खाते में आ गए हैं, अब डबल करके देने होंगे। सोमवार दोपहर को वह बाथरूम में गिरा मिला। उसे अस्पताल ले गए तो चिकित्सक ने बताया कि उसने जहर पी रखा है। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सुनारिया जेल में बंद कैंसर पीड़ित हिसार के बंदी की मौत
हिसार। सुनारिया जेल में बंद हिसार जिले के एक गांव निवासी 45 वर्षीय किशन की मंगलवार को मौत हो गई। वह कैंसर से पीड़ित था। जेल अधीक्षक अधीक्षक सत्यवान ने बताया कि किशन दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के केस में हिसार जेल में बंद था। कैंसर से पीड़ित होने के कारण उसे सात मार्च को हिसार जेल से रोहतक की सुनारिया जेल भेजा था, ताकि पीजीआई में उपचार हो सके। कैंसर की बीमारी के कारण उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।