हिसार। शहर के सुदामा नगर निवासी भारत भूषण से एक जीवन ने जीवन शादी डॉट कॉम के जरिये शादी का झांसा देकर 60 लाख 53 हजार रुपये ऐंठ लिए। इस संबंध में भारत भूषण ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हरगुन चौपड़ा नामक युवती के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
भारत भूषण ने बताया कि जीवन शादी डॉट कॉम पर उसने आईडी बनाई थी। इसके बाद प्रोफाइल से मिलते-जुलते रिश्ते आने लगे। 16 अगस्त 2023 को हरगुन चौपड़ा ने बातचीत की। उसने कहा कि वह दिल्ली के डीएलफ फेज मोती नगर की रहने वाली है और लंदन की एक कंपनी में नौकरी करती है। इसके बाद व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। उसने कहा कि वह दिवाली पर भारत आएगी और शादी करेगी। इसी दौरान उसने एक स्कीम के तहत निवेश करने की बात कही। ट्रेडिंग स्कीम की एप्लीकेशन का लिंक भेजा और यूके के दो नंबरों पर निवेश करने का कहा। युवती के कहे अनुसार 13 सितंबर 2023 को 50 हजार, 24 सितंबर को 1 लाख, 6 अक्तूबर को 99 हजार, 9 अक्तूबर को 99 हजार, 17 अक्तूबर को 4 लाख, 18 अक्तूबर को 3 लाख, 20 अक्तूबर 3 लाख, 30 अक्तूबर को 10 लाख, 6 नवंबर को 14 लाख 37 हजार, 9 नवंबर को 13 लाख 91 हजार और 10 नवंबर को 8 लाख 76 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद युवती ने बात करनी बंद कर दी। इसके बाद निवेश किए हुए रुपये वापस मांगे तो आनाकानी करने लगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।