व्यापार मंडल के अध्यक्ष बजरंग गर्ग पुलिस अधिकारियों से बातचीत करते हुए।
अग्रोहा। क्षेत्र में चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। बुधवार रात चोरों ने एक के बाद एक आठ दुकानों के ताले चटकाए और नकदी व सामान ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने दुकानदारों का माल बरामद नहीं कराया तो पूरा बाजार बंद कर देंगे।
पुलिस को दिए बयान में अग्रोहा मोड़ निवासी संदीप ने बताया कि चौक पर सिद्धि विनायक किराना स्टोर के नाम से दुकान है। बुधवार सुबह दुकान पर पहुंचा तो ताला टूटा मिला। दुकान से सिगरेट के 400 पैक के अलावा अन्य सामान व गल्ले से साढ़े 21 हजार रुपये गायब मिले। दुकानदार आशीष ने बताया कि दुकान से दस हजार रुपये व सामान चोरी हुआ है। पकंज किराना स्टोर के संचालक ने बताया कि चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर 17 हजार कीमत का सामान व गल्ले से दो हजार रुपये ले गए। इसके अलावा आसपास की पांच अन्य दुकानों में चोरी की सूचना है। हालांकि चोर सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। थाना प्रभारी तनेजा पाल ने बताया कि दुकानदारों की शिकायत पर मामला दर्ज कर क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।
आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे पुलिस : गर्ग
अग्रोहा में चोरी की वारदात का पता चलने पर वीरवार को दुकानदारों ने हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग को ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल अग्रोहा के प्रधान डॉ. खेमराज महता की अध्यक्षता में बैठक हुई। व्यापारी नेता गर्ग ने पुलिस से जल्द चोरीशुदा माल बरामद कराने की बात कही है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो अग्रोहा चौक के बाजार को बंद रख धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर कोषाध्यक्ष विनोद नैन, ईश्वर सेठ, कार्यकारी प्रधान नरेंद्र राठौड़, अनिल मदान, विजेंद्र थोरी, रमेश गोदारा, व्यापार मंडल प्रदेश सचिव निरंजन गोयल, सीताराम सिंगल, रवि सिंगला, प्रेम मित्तल, आत्माराम सरपंच, धर्मवीर वर्मा आदि मौजूद रहे।