हिसार के पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में कटला रामलीला का मंचन करते कलाकार।
हिसार। पुराने राजकीय कॉलेज मैदान में आयोजित कटला रामलीला के तीसरे दिन शुक्रवार को डॉ. स्वामी देवकीनंदन महाराज के निर्देशन में वृंदावन के कलाकारों ने रामलीला का मंचन किया। इस दौरान मंच पर सजी पुष्प वाटिका ने दर्शकों को खूब लुभाया और धनुष यज्ञ व लक्ष्मण-परशुराम संवाद ने झकझोर कर रख दिया। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कटला रामलीला के प्रधान सुरेंद्र लाहौरिया, महामंत्री राजेश बंसल व कोषाध्यक्ष रमेश कुमार लोहिया ने संयुक्त रूप से बताया कि 5 अक्तूबर को श्रीराम बरात, श्रीराम विवाह एवं दानवीर कर्ण चरित्र देखने का अवसर मिलेगा। श्रीराम की भव्य बरात की तैयारियां चल रही हैं। 6 अक्तूबर को कैकेयी-मंथरा संवाद, कैकेयी-दशरथ संवाद, श्रीराम वनवास, श्रीराम केवट संवाद, 7 अक्तूबर को भरत-कैकेयी संवाद, भरत व श्रीराम का वन में मिलन एवं संतों का मिलन और 8 अक्तूबर को पंचवटी निवास, सूर्पणखा का नाक-कान काटना व सीता हरण के प्रसंग का मंचन किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. अजय महाजन, पवन रावलवासिया, विनोद गर्ग, जय कुमार बंसल, अरुण जैन, विनोद जैन, डॉ. क्षितिज ढुल, डॉ. एनके खेतरपाल, विवेक अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, डॉ. निशा महाजन, राहुल सिंगल, संजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।