हिसार। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) में शैक्षणिक सत्र 2024-25 से शुरू होने वाले बीएससी-बीएड और बीए-बीएड कोर्सिस के दाखिले के आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई तक बढ़ा दी गई है। यह तिथि नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन, नई दिल्ली (एनसीटीई) द्वारा बढ़ाई गई है। इस संबंध में एनसीटीई द्वारा सूचना जारी कर दी गई है।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि जीजेयू को एनसीटीई की ओर से इंटेग्रेटिड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) के लिए चयनित किया गया है। यह विश्वविद्यालय आईटीईपी को देशभर में संचालित कर रहे 64 शिक्षण संस्थानों में से एक है। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि इन चार वर्षीय इंटेग्रेटेड टीचर्स एजुकेशन प्रोग्रामों में दाखिला लेने के लिए आवेदन की तिथि पहले 30 अप्रैल तक थी। इन चार वर्षीय इंटेग्रेटेड टीचर्स एजुकेशन प्रोग्रामों में दाखिला लेने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा एजेंसी (एनटीए) की वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा।
कुलपति ने बताया कि आईटीईपी के तहत बीएससी-बीएड और बीए-बीएड कोर्सिस के लिए 50-50 सीटें निर्धारित की गई हैं। विश्वविद्यालय ने इन कोर्सों के लिए पूरी तैयारी कर ली है। विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग के तहत ये कोर्सिस संचालित किए जाएंगे। शिक्षा मंत्रालय के एक पायलेट प्रोजेक्ट के तहत कौशल युक्त शिक्षक तैयार करने के लिए ये कोर्स शुरू किए गए हैं। जीजेयू में अंतरराष्ट्रीय स्तर की शोध व शिक्षण व्यवस्था है। इन्हीं व्यवस्थाओं के चलते इस विश्वविद्यालय को इन कोर्सों के लिए चुना गया है। शिक्षा संकाय की अधिष्ठाता प्रो. वंदना पूनिया ने कहा कि बढ़ी हुई तिथि का आवेदकों को फायदा उठाना चाहिए, ये कोर्स रोजगारपरक हैं।