फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar: शेयर कारोबारी का अपहरण कर मांगी 10 लाख रुपये की फिरौती, दिल्ली पुलिस के एसआई समेत चार गिरफ्तार

Sun, 11 Jun 2023 04:39 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार (हरियाणा)

सार

नई अनाजमंडी पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि भोडि़या बिश्नोईयां निवासी संदीप कुमार ने आदमपुर निवासी राकेश का अपहरण कर चार युवकों द्वारा 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने की शिकायत दी थी।
विज्ञापन
सांकेतिक फोटो - फोटो : Social Media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिसार के सेक्टर-14 से आदमपुर निवासी राकेश का अपहरण कर 10 लाख की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। इस मामले में शहर थाना पुलिस ने दिल्ली पुलिस के एसआई गोविंद समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत को मुक्त करा लिया है। शनिवार को आरोपी पनिहारी निवासी गोविंद, बगला निवास प्रदीप, सेक्टर 29 फरीदाबाद निवासी भूपेंद्र और दिल्ली निवासी कवित को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।

विज्ञापन


पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल दो कार और डेढ़ लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। आरोपियों ने पीड़ित का 8 जून को अपहरण कर शहर के सनसिटी में बंधक बनाकर रखा और उसके दोस्त संदीप से डेढ़ लाख रुपये हड़पे। बाद में शिकायत मिलने पर पुलिस ने छापा मारकर उसे छुड़वाया। राकेश शेयर बाजार में ट्रेडिंग का काम करता है।

नई अनाजमंडी पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि भोडि़या बिश्नोईयां निवासी संदीप कुमार ने आदमपुर निवासी राकेश का अपहरण कर चार युवकों द्वारा 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने की शिकायत दी थी। संदीप ने बताया था कि सेक्टर-14 में दो कार आकर रुकीं और दो-तीन युवकों ने राकेश को जबरन एक कार में बैठा लिया और फरार हो गए।
विज्ञापन


इस बारे में राकेश के घरवालों को सूचना दी तो राकेश की पत्नी ने बताया कि वह सेक्टर-14 जाने की बात कहकर निकले थे। उसने बताया कि दिल्ली पुलिस के एसआई का फोन लगातार राकेश के पास आ रहा था। उसी से मिलने के लिए वह गया था। शिकायत में कहा गया कि रात करीब 9 बजे राकेश का फोन आया और दिल्ली पुलिस के कर्मचारी ने 10 लाख रुपये की डिमांड की।

राकेश के घर से डेढ़ लाख रुपये लेकर आया
संदीप ने बताया कि राकेश का फोन आने के बाद उसके घर गया और परिजनों से बात की। उसने बताया कि अपहरण करने वाले 1.50 लाख रुपये की डिमांड कर रहे हैं। अगर, रुपये नहीं दिए गए तो राकेश को छोड़ेंगे नहीं। घर से रुपये लेकर सनसिटी पहुंचा। जहां पर चार लोगों ने राकेश को बंधक बनाया हुआ था। रुपये लेने के बाद उसे कमरे से बाहर निकाल दिया। कुछ देर राकेश से मुलाकात कराई तो उसने कहा कि 8.50 लाख रुपये और देने होंगे, नहीं तो जान से मार देंगे।

शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
एएसआई सुरेंद्र ने बताया कि संदीप की शिकायत पर केस दर्ज कर टीम का गठन किया और सनसिटी पर छापा मारा। वहां से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत राकेश को सकुशल बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि पनिहारी निवासी गोविंद दिल्ली पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर तैनात है। गोविंद की बगला निवासी प्रदीप से जान पहचान है। भूपेंद्र और कवित दोनों प्रदीप के दोस्त हैं। गाड़ी में बैठाने के बाद आरोपी उसे रोहतक लेकर गए और फिर हिसार ले आए थे। पुलिस को आरोपी गोविंद के पास से आदमपुर निवासी राकेश के खिलाफ धोखे से किसी अकाउंट से पैसे ट्रांसफर के बारे में एक शिकायत भी मिली है।

दिल्ली पुलिस में राकेश के खिलाफ दी थी शिकायत
संदीप ने बताया कि कुछ दिन पहले मुंढाल गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने राकेश के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दी थी। वहां से एक नोटिस राकेश के पास आया था, जबकि थाने में किसी प्रकार की कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई। साजिश के तहत अपहरणकर्ताओं ने केस में फंसाने की बात कह सेक्टर-14 में बुलाया था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें