हिसार। कार में सवार चार युवकों ने आजाद नगर एरिया से जींद के गांव खटकड़ कलां के रहने वाले कृष्ण कुमार का अपहरण कर लिया। उसे साउथ बाईपास पर ले जाकर पीटा और चांदी की चेन छीन ली। आजाद नगर थाना पुलिस ने इस संबंध में चार नामजद के खिलाफ अपहरण, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने व छीनाझपटी का केस दर्ज किया है।
शिकायत में खटकड़ कलां निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि गांव कसूण में अनुबंध पर कंप्यूटर टीचर के पद पर कार्यरत है। 23 अप्रैल को अपनी कार लेकर ऑटो मार्केट में काम करवाने के लिए आया था। वहां से आजाद नगर आ गया। सड़क किनारे लगे वाटर कूलर से पानी की बोतल भर रहा था। तभी सामने से एक कार आई। कार से चार युवक नीचे उतरे और मुझे पकड़ कर मारपीट करने लगे और मुझे कार में जबरदस्ती बैठा लिया। शिकायतकर्ता ने कहा कि हमलावर मेरे को बाईपास पर एक होटल से आगे ले गए और कार से उतारकर मारपीट करने लगे और चांदी की चेन छीन ली। घायल का आरोप है कि हमलावरों ने अपनी बहन से दोस्ती के शक में अपहरण कर मेरे को चोटें मारी हैं। आजाद नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज जांच आरंभ कर दी है।