हिसार। भट्टू गांव के रहने वाले धर्मपाल की हत्या उसके भाई मंगल ने मामा कुलदीप संग मिलकर की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को पनिहार चक के पास माइनर में फेंक दिया था। आजाद नगर थाना पुलिस ने आरोपी मंगल और मामा किरमारा निवासी कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को मंगलवार अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। पूछताछ में आरोपी मंगल ने बताया कि धर्मपाल उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखता था।
पहले पिलाई शराब, फिर दबाया गला
आजाद नगर थाना प्रभारी रमेश ने बताया कि धर्मपाल और मंगल सगे भाई है। धर्मपाल अपने भाई की पत्नी पर बुरी नजर रखता था और धमकी देता था। इसी रंजिश में मंगल और उसके रिश्ते के मामा कुलदीप ने धर्मपाल की हत्या की साजिश रची। इसी के तहत कुलदीप ने धर्मपाल को फोन कर काम दिलाने के बहाने आदमपुर मंडी बुलाया। इसके बाद 23 जुलाई को पनिहार चक माइनर पर धर्मपाल को पहले शराब पिलाई फिर मंगल व कुलदीप ने गला दबाकर उसकी हत्या कर शव माइनर में फेंक दिया था। हालांकि 2 अगस्त को कुलदीप ने अपनी बहन के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया था।