हिसार। अवैध वसूली मामले में गिरफ्तार हुए इनेलो नेता जितेंद्र श्योराण को जमानत मिल गई है। सेक्टर 9-11 थाना व स्पेशल स्टाफ पुलिस ने 10 जून को 8 लाख रुपये के साथ जितेंद्र श्योराण को उसके घर से पकड़ा था। 10 जून शाम पुलिस की सीआईए टीम ने सेक्टर 16-17 के आरडब्ल्यूए प्रधान जितेंद्र श्योराण को 8 लाख रुपये की वसूली करते हुए गिरफ्तार किया था। आरोप था कि जितेंद्र श्योराण ने तमस होटल एवं बार संचालक से 50 लाख रुपये डिमांड की थी। जितेंद्र श्योराण ने होटल के अवैध कब्जे और किए गए अतिक्रमण को लेकर एक शिकायत अधिकारियों को दी थी। पुलिस का आरोप था कि इस शिकायत को वापस लेने की एवज में होटल संचालक से रुपए मांगे थे। दोनों पक्षों में लंबी बातचीत के बाद 8 लाख रुपये में समझौता हुआ था। पुलिस इस मामले में कोर्ट में चार्जशीट पेश कर चुकी है। पुलिस ने चार्जशीट में जितेंद्र श्योराण पर अवैध वसूली का नेटवर्क चलाने का आरोप लगाया है। ब्यूरो