हिसार। यात्रीगण कृपया ध्यान दें, अब उन्हें जयपुर से सीधी बठिंडा के लिए ट्रेन की सुविधा मिलेगी। रेलवे की ओर से जयपुर-हिसार एक्सप्रेस ट्रेन का बठिंडा तक विस्तार किया जा चुका है। अब जल्द ही बठिंडा तक ट्रेन चलने की तारीख की घोषणा होगी। ट्रेन का बठिंडा तक विस्तार होने के बाद मंडी आदमपुर, भट्टू, डिंग, सिरसा, कालांवाली, बठिंडा के यात्रियों को फायदा मिलेगा। इसको लेकर रेलवे की ओर से एक पत्र भी जारी किया गया है।
रेलवे की ओर से जारी पत्र के अनुसार जयपुर-हिसार ट्रेन जयपुर से सुबह 5:15 बजे रवाना होती और हिसार दोपहर 1:40 बजे पहुंचती है। बठिंडा पहुंचने का समय शाम 6:20 है। वापसी में रात को बठिंडा से 9:15 बजे रवाना होगी, रात को 12:35 बजे हिसार पहुंचेंगी। यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद रात 12:45 बजे जयपुर के लिए रवाना होगी।
बता दें, कि सिरसा से सांसद सुनीता दुग्गल ने इस ट्रेन का बठिंडा तक विस्तार करवाने की मांग रखी गई थी। इस पर रेलवे की ओर से अनुमति मिल चुकी है। इससे पहले भी सांसद सुनीता दुग्गल के प्रयास से गोरखधाम एक्सप्रेस का बठिंडा तक विस्तार किया गया था। अब एक और ट्रेन मिलने जा रही है।
हिसार खड़ी हो रही ट्रेन
यह ट्रेन जयपुर से सुबह 5.15 बजे रवाना होकर दोपहर 1.40 बजे हिसार पहुंचती है। यहां से वापसी जयपुर जाने का समय रात 12.45 बजे है। ऐसे में दोपहर से रात तक ट्रेन हिसार में ही खड़ी हो रहती है। अब विस्तार होने के बाद हिसार से होते हुए बठिंडा तक जाएगी। बठिंडा में ट्रेन की साफ-सफाई होगी। ट्रेन विस्तार होने से यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा।
जयपुर-हिसार ट्रेन का बठिंडा तक विस्तार हो चुका है। अब जल्द ही तारीख की घोषणा होगी। ट्रेन का विस्तार होने से मंडी आदमपुर, भट्टू, डिंग, सिरसा, कालांवाली, बठिंडा के यात्रियों को फायदा मिलेगा। - सुनीता दुग्गल, सांसद, सिरसा