रामायण ट्रैक से कुछ दूरी पर रोकी गई हिंदुस्तान पेट्रोलियम की तेल टैंकर मालगाड़ी में 32 लाख 50 हजार डीजल था। समय पर मालगाड़ी को रोककर पीछे करने से बड़ा हादसा टल गया। काला दिवस मना रहे आंदोलनकारियों द्वारा रेलवे ट्रैक को करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रखा गया। इस दौरान हिसार की ओर से आ रही 50 तेल टैंकर वाली मालगाड़ी को रामायण ट्रैक से कुछ दूरी पर लाल झंडी दिखाकर रोक दिया गया। मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने बातचीत कर इसे वापस भेज दिया। डीजल से भरी इस मालगाड़ी से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। क्योंकि अत्यधिक संख्या में रेलवे ट्रैक पर पहुंचे आंदोलनकारी उग्र हो गए थे। डीजल के 50 टैंकरों वाली इस मालगाड़ी में प्रत्येक टैंकर में 65 हजार लीटर डीजल था। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके की नजाकत को भांपते हुए, रेलवे अधिकारियों से बात कर मालगाड़ी को वापस भेज इस हादसे को टाला।