हिसार। नगर निगम कार्यालय में हाउस की बैठक के दूसरे दिन वीरवार को पार्षदों ने भ्रष्टाचार के मामलों में अधिकारियों से जवाब तलब किया। ऐसे मामलों को देखकर हाउस को भी सख्त रुख अपनाना पड़ा। हाउस ने निर्माणाधीन मिलगेट रोड की स्टेट विजिलेंस से जांच व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखने के आदेश दिए। यही नहीं इंदिरा नगर में डाली गई सीवर लाइन की गड़बड़ियों को एक सप्ताह में ठीक करने को कहा।
न तो उपभोक्ताओं को स्लिप मिलती न ही इंस्पेक्टर डिपो की विजिट करते
मेयर गौतम सरदाना ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी को नगर निगम की वार्डबंदी के अनुसार राशन डिपो को बांटने के आदेश दिए। इस पर अधिकारी ने कहा कि राशन बांटने से पहले पार्षद को फोन पर सूचित किया जाता है। मेयर ने पार्षदों से पूछा तो सभी ने मना कर दिया और कहा कि साइन तो करवा कर ले जाते हैं। पार्षद जयप्रकाश ने कहा कि मुझसे तो वार्ड-7 के भी साइन करवा कर ले जाते हैं। पार्षद अनिल जैन ने कहा कि व्हाट्सएप ग्रुप में भी अधिकारी सूचित नहीं करते। कभी कोई इंस्पेक्टर विजिट नहीं करता और न ही राशन डिपो के बाहर बोर्ड लगे हैं। उपभोक्ताओं को स्लिप भी नहीं मिलती।
मेयर ने पूछा कि क्या कोई कमेटी बनी हुई है तो अधिकारी ने कहा कि वितरण कमेटी बनी है। इस पर मेयर ने कहा कि तुरंत सूची मंगवाओ। पार्षद भूप सिंह ने कहा कि सूचना पट्ट पर हमारे नंबर लिखे हुए हैं लोग हमसे फोन करके पूछते हैं कि राशन कब बांटोगे। पार्षद अनिल जैन ने कहा कि अब सरकार ने 1.80 लाख रुपये वाले कार्ड धारकों को भी सरसों के तेल का प्रावधान कर दिया है। वह डिपो में मशीन पर तो दर्ज हो गया है लेकिन लोगों को नहीं मिल रहा है।
अनिल जैन ने कहा कि मेरे वार्ड में चार डिपो वालों ने रिजाइन कर दिया। मेयर ने पूछा कि क्या उनकी जगह नए डिपो वाले लगाए हैं तो अधिकारी ने बताया कि आगामी आदेशों तक रोक लगा दी गई है और महिलाओं को दिए जाने वाले डिपो पर भी अभी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। मेयर ने कहा कि सूचना पट्ट पर सूचना नहीं होती। पार्षद को भी सूचित नहीं करते। उपभोक्ताओं को पर्ची नहीं देते। वितरण कमेटी नहीं बनाई गई। इंस्पेक्टर विकसित नहीं करते। इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा जाए।
प्राइवेट लैब से जांच करवाए व रिपोर्ट न आने तक ठेकेदार की पेमेंट रोकें
बैठक में मेयर ने पार्षद मनोहर लाल के एजेंडे पर चर्चा करते हुए कहा कि निर्माणाधीन मिलगेट रोड अभी से टूटना शुरू हो गया है। इस पर बीएंडआर के अधिकारी ने बताया कि यह रोड बिल्कुल सही है। इसकी मोटाई व मजबूती जांचने के लिए सैंपल भी लैब में भेजे गए हैं। अगर आप किसी अन्य लैब से आप जांच करवाना चाहे तो करवा सकते हैं। पार्षद जयप्रकाश ने कहा कि अभी से इस रोड पर पैचवर्क लगने लगे हैं। इस पर मेयर ने कहा कि इसकी प्राइवेट लैब से जांच करवाई जाए और जांच रिपोर्ट न आने तक ठेकेदार की पेमेंट ना की जाए। साथ ही इसकी स्टेट विजिलेंस से जांच करवाई जाए।
समाधान कर दो वरना इंक्वायरी के लिए मैं साइन कर दूंगा
पार्षद प्रीतम सैनी ने कहा कि तेल डिपो फाटक से निरंकारी भवन तक नई सीवर लाइन डालने व बरसाती नाले के निर्माण को लेकर उन्होंने कितनी बार विभाग को अवगत करवाया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। आज तक न कोई एस्टीमेट बनाया और न ही कोई डीएनआईटी तैयार की गई है। एसडीओ गिरीश ने कहा कि इसे लेकर 11 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है। मेयर ने कहा कि एस्टीमेट कहां है। एसडीओ ने कहा कि एसई साहब के पास है।
प्रीतम सैनी ने कहा कि मेरे वार्ड में या तो काम कर दो नहीं मैं पिछले वाला काम कर दूंगा। मैं पब्लिक को लेकर आपके कार्यालय पहुंच जाऊंगा। कैंप चौक से डाबड़ा चौक पुल तक मेन सीवर लाइन की सफाई को लेकर पार्षद ने कहा कि मेन लाइन में 10-10 फुट सील्ट भरी है। आपको दिखाया भी था। आप काम क्यों नहीं करवा रहे। बरमा लगाकर पानी निकाला जा रहा है। जितना किराया दिया गया है उतने में तो मोटर ही नई आ जाती। प्रीतम सैनी ने कहा कि इंदिरा नगर में डाली गई नई सीवर लाइन ठीक नहीं है। इसकी जांच करवाई जाए। मेयर गौतम सरदाना ने कहा कि एक मौका और है। आपके पास एक सप्ताह का टाइम है या तो इसका समाधान कर दो वरना इंक्वायरी को लेकर मैं साइन कर दूंगा।
तीन माह में नहीं बदला सीवर का ढक्कन, जेई के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव पास
पार्षद जगमोहन मित्तल ने कहा कि वह हर बार सोचते हैं कि जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के लिए ताली बजवाऊं। मगर ये एक ढक्कन तक नहीं बदलते। मेरा मन तो ऐसा करता है कि इनके कार्यालय के सामने ढोल बजवाऊं। काम करने का तरीका ही गलत है। इन्होंने तीन माह तक एक सीवर का टूटा हुआ ढक्कन तक नहीं बदला। 95 प्रतिशत लोग इसी विभाग से परेशान हैं। इस पर मेयर ने पार्षद की शिकायत के आधार पर जेई के खिलाफ कार्रवाई करने का प्रस्ताव पास करने को कहा।
मेयर ने दोनों एक्सईएन को शनिवार को वार्ड 12 में सुबह 10 बजे सीनियर डिप्टी मेयर की मौजूदगी में मौका निरीक्षण के लिए कहा। मेयर ने कहा कि हेड ऑफिस ने स्थानीय स्तर पर पूरी पावर दी हुई है न तो आपके समय पर सीवर सफाई को लेकर टेंडर हो पाते हैं और न ही कोई लाइनें ठीक करने का। ये तो काम न करने का बहाना है। पूरे शहर में सीवर व्यवस्था का सिस्टम बिगाड़ रखा है।