मंडी आदमपुर मतदाताओं को मतदाता पर्ची के साथ-साथ आमंत्रण कार्ड देते बीएलओ अनिल सुथार।
मंडी आदमपुर। लोकसभा चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रदीप दहिया द्वारा लोकतंत्र के महापर्व में ज्यादा से ज्यादा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए घर-घर मतदाता पर्ची पहुंचाने के लिए बीएलओ को निर्देशित किया गया है। मतदाता पर्ची के साथ-साथ आमंत्रण कार्ड भी बीएलओ द्वारा दिए जा रहे हैं, ताकि लोग 25 मई को मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान कर देश के विकास में योगदान दें। प्रशासन द्वारा मतदाता प्रतिशतता बढ़ाने के लिए शादी जैसा आमंत्रण पत्र तैयार किया गया है।
इस कार्ड पर भाषा भी वैसी ही है जैसी शादी के कार्ड पर होती है। लोगों द्वारा इसे शादी का कार्ड समझकर ही पढ़ा जा रहा है व अपने परिचितों को भी भेजा जा रहा है।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए आदमपुर विधानसभा के कुल 180 बीएलओ व आदमपुर के करीब 21 बीएलओ घर-घर मतदाता पर्ची के साथ आमंत्रण कार्ड पहुंचा रहे हैं। इस चुनाव में वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन सभी विधानसभा क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के लिए मतदाता जागरुकता अभियान के तहत रैलियां निकलवा रहा है। स्कूली बच्चों द्वारा पेंटिंग और रंगोली बनाकर लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए वॉल पेंटिंग के साथ-साथ सेल्फी प्वाइंट बनाकर मतदान के लिए प्रेरित किया गया।