बालसमंद। गांव रावलवास खुर्द स्थित डाक विभाग कार्यालय के कर्मचारी पर उपभोक्ता का सुकन्या समृद्धि का खाता न खोलकर निजी कंपनी की पॉलिसी कर दी। इस बारे में सीसवाला निवासी विनोद कुमार ने उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और डाक विभाग को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता विनोद ने बताया कि उसकी पत्नी बीना कुमारी दो बेटियों के लिए सुकन्या समृद्धि का खाता खुलवाने के लिए मई 2022 में रावलवास खुर्द स्थित डाक विभाग के कर्मचारी ओमप्रकाश के पास गई। ओमप्रकाश ने 8 हजार रुपये व जरूरी कागजात ले लिए और फिर यह कहकर घर भेज दिया कि आपका खाता खुल गया है। कुछ समय पूर्व उसकी पत्नी गांव के सीएससी केंद्र पर सुकन्या समृद्धि के खाते में जमा रुपये के बारे में पूछने गई तो सीएससी केंद्र वाले ने बताया कि यह सुकन्या समृद्धि का खाता नहीं है, यह तो अन्य निजी कंपनी की दो बीमा पॉलिसी हैं।
पद का दुरुपयोग कर किया गुमराह
विनोद के मुताबिक सरकारी कर्मचारी ओमप्रकाश ने अपने पद का दुरुपयोग कर निजी हित के लिए उसकी पत्नी बीना कुमारी को गुमराह किया और खाता नहीं खोला। इस कारण से वह इस योजना के लाभ से वंचित रह गए। जब वह इस बारे में शिकायत करने रावलवास डाकखाना में ओमप्रकाश के पास गए तो उसने अभद्र व्यवहार किया। साथ ही कहा कि आपको जो करना है, कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
डाक विभाग के कर्मचारी ने अगर सुकन्या का खाता न खोलकर अन्य पॉलिसी की है तो वह गलत है। शिकायत मिलने पर सोमवार को उचित जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- हरीश कुमार, मंडल डाक अधीक्षक।
-
यह मामला तीन साल पुराना है। मेरे ऊपर जो आरोप लगाए जा रहे हैं वे गलत है। -
ओमप्रकाश, जीडीएस डाकघर, रावलवास खुर्द।