लोहारू। लोहारू विधानसभा क्षेत्र से सोमवार को एक निर्दलीय प्रत्याशी सजन भारद्वाज ने पहला नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। सजन भारद्वाज वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव भी बतौर निर्दलीय प्रत्याशी लड़ चुके हैं। लगातार दूसरी बार नामांकन पत्र दाखिल कर चुनाव लड़ने वाले सजन भारद्वाज पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रामबिलास शर्मा के भानजे हैं।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम मनोज दलाल ने बताया कि नामांकन पत्र जमा करवाने के पांचवें दिन निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में एक नामांकन जमा हुआ है। नामांकन के बाद कार्यालय में बैठक को संबोधित करते हुए मनोज कुमार दलाल ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी व उम्मीदवार चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करें। आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि नामांकन के लिए आए उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र पूरी तरह से भरकर जमा करवाएं। किसी प्रत्याशी ने विगत दस वर्षों में सरकारी आवास का इस्तेमाल किया है तो उसे टेलीफोन, बिजली, पानी व घर के किराए का नो ड्यूज सर्टिफिकेट देना होगा।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवार के शपथ-पत्र में सभी कॉलम भरे होने चाहिए। किसी कॉलम को खाली नहीं छोड़ा जाएगा। एक उम्मीदवार नामांकन के समय चार लोगों को नॉमिनेशन कक्ष में साथ ला सकता है, इससे अधिक व्यक्तियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस दौरान नायब तहसीलदार शेखर नरवाल, एनटी कृष्ण वर्मा, कानूनगो अनिल मेचू, प्राचार्य राजबीर सांगवान, एटीओ, श्यामसुंदर सांगवान, राजीव वत्स, जगबीर फरटिया, शीशपाल वर्मा, महेंद्र गहलोत, प्रद्युमन, अनिल कुमार, सुशील बिश्नोई, एमटी ललित कुमार सहित नामांकन प्रक्रिया से जुड़े अनेक अधिकारी मौजूद रहे।