हिसार। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की तरफ से लाइसेंसी हथियार रखने वालों को अपने हथियार थानों और गनहाउस में जमा करवाने के आदेश दिए गए हैं। अभी तक 20 प्रतिशत ही लाइसेंसी हथियार जमा हुए है। हिसार और हांसी में करीब 11 हजार लाइसेंसी हथियार हैं। पुलिस अधीक्षक ने थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि तय सीमा के अंदर लाइसेंसी हथियार जमा नहीं करवाए जाते तो उन लाइसेंसी हथियार वालों के लाइसेंस रद्द करने और केस दर्ज करने की प्रक्रिया अमल में लाई जाए।
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण करवाने के लिए पुलिस अलर्ट है। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा न हो इसके लिए लाइसेंसी हथियार है वे उन्हें पुलिस थानों और गन हाउस में जमा करवाए। वहीं पुलिस ने नाके लगाकर चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया है।