चरखी दादरी। पड़ोसियों के ताने से आहत होकर ढाणी फौगाट निवासी एक युवक ने बुधवार रात घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मां ने बेटे के इस कदम के लिए एक दंपती को जिम्मेदार ठहराया है। इसके आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए मजबूर करने संबंधी केस दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में ढाणी फौगाट निवासी कमला देवी ने बताया कि उसके दो लड़कियां और दो लड़के थे। उसके पति का देहांत 21 वर्ष पहले हो चुका है। कमला ने बताया कि सबसे बड़ी बेटी ने पांच साल पहले उनके घर के सामने रहने वाले एक युवक से कोर्ट मैरिज कर ली थी। महिला ने बताया कि उसकी बेटी से कोर्ट मैरिज करने वाले युवक के माता-पिता इस बात को लेकर उसके बेटे मोनू को ताने मारते थे। इससे आहत होकर मोनू ने बुधवार देर शाम घर पर फंदा लगा लिया। जब वह कमरे में पहुंची तो मोनू फंदे से लटक रहा था। इसके बाद उसने शोर मचाया तो आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए और मोनू को नीचे उतारा गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कागजी कार्यवाही पूरी कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। जांच अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में आरोपी दंपति के खिलाफ धारा 306 व 34 के तहत केस दर्ज किया गया है।