हिसार। उपायुक्त उत्तम सिंह ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा एचटेट को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। वे बुधवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में 3 व 4 दिसंबर को आयोजित होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा को लेकर केंद्र अधीक्षक एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट की बैठक ले रहे थे। उन्होंने सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के लिए परीक्षा से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए। परीक्षा को लेकर जिले में 45 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 26821 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में स्थित सभी परीक्षा केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर, जैंबर, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक व वीडियोग्राफी सहित सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा-2022 के तहत लेवल-3 पीजीटी परीक्षा शनिवार 3 दिसंबर को दोपहर तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। इसके बाद अगले दिन लेवल-2 की टीजीटी परीक्षा रविवार, 4 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी जबकि लेवल-1 पीआरटी के लिए भर्ती पात्रता परीक्षा रविवार 4 दिसंबर को दोपहर तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप सिहाग, एसडीएम हिसार जयबीर यादव, नगराधीश विजया मलिक, शिक्षा बोर्ड के अधीक्षक विद्यासागर घेरा आदि मौजूद रहे।