हिसार। हरियाणा विद्यालय शिक्षा अधिकारी संघ (एचएसईओए) ने सरकारी स्कूलों में लागू एसएनए स्पर्श वित्तीय प्रणाली की व्यावहारिक कठिनाइयों को लेकर शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा। राज्य प्रधान वीरेंद्र सिंह ढांडा के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने प्रणाली को सरल बनाने और स्थायी समाधान की मांग की। ढांडा ने बताया कि अग्रिम बिल अपलोड करने की बाध्यता और प्रदेश के हजारों स्कूलों का लेनदेन एक केंद्रीय ट्रेजरी (पंचकूला) से जुड़ा होने के कारण दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बजट लैप्स होने का खतरा भी बना हुआ है। पुरानी सरल एवं पारदर्शी पीएफएमएस प्रणाली जारी रखी जाए या एसएनए स्पर्श का सरलीकरण कर जिला स्तर पर विकेंद्रीकरण किया जाए। प्रतिनिधिमंडल में वीरेंद्र बेनीवाल, प्रभा सिवाच, प्राचार्य जय सिंह, विजय बाल्यान, तेज सिंह दलाल, उमेद रंगा, ओमप्रकाश डबला और नरेश सैनी मौजूद रहे।