बरेली में मैच जीतने के बाद कोच राजेंद्र सिंह के साथ हरियाणा की महिला हैंडबाल टीम।
हिसार। बरेली में चल रही जूनियर नेशनल हैंडबाल चैंपियनशिप में हरियाणा की टीम ने वीरवार को जम्मू-कश्मीर को 24-6 से हराकर दूसरा मैच जीत लिया है। हरियाणा टीम में शामिल हिसार की बेटियों ने 13 गोल कर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। टीम में हिसार से सात बेटियां शामिल हैं। इनमें लाडवा से सोनिका गिल, मंजिल, लितानी से प्रिया, प्रीति, मोनिका, उमरा से मंजिल व अनीता है। पहले मैच में हरियाणा ने छत्तीसगढ़ को हराया था।
हरियाणा टीम के कोच राजेंद्र सिंह ने बताया कि टीम में हिसार के अलावा जींद, कैथल, करनाल, पानीपत व भिवानी की बेटियां भी दमखम दिखा रही हैं। वीरवार को हुए मैच में हरियाणा की ओर से जींद की प्रीति ने 4 गोल, हिसार के गांव लाडवा की सोनिका ने 4, जींद की गरिमा ने 3, जींद की संजू ने 3, हिसार के गांव लितानी की प्रिया ने 3, लितानी की प्रीति ने 2, हिसार के गांव लाडवा की मंजिल ने 2, लितानी की मोनिका ने 2 और जींद की आरजू ने 1 गोल किया है। इस दौरान कोच विजेंद्र भी मौजूद रहे। यह चैंपियनशिप उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ और उत्तर प्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन की ओर से करवाई जा रही है।