आज अदालतों में नियमित सुनवाई
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
कोविड-19 के चलते करीब 10 माह से बंद पड़ी अदालतों में अब नियमित रूप से सुनवाई होगी। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट मनदीप बिश्नोई ने बताया कि सोमवार से स्थानीय सभी अदालतों में नियमित सुनवाई होगी। इस सम्बंध में पिछले दिनों बार काउंसिल कार्यालय में पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में सभी बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। जिसमे अदालतें खुलवाने को लेकर मुख्य न्यायाधीश से मिलने के लिये प्रस्ताव पास किया था। जिस पर माननीय मुख्य न्यायाधीश ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सभी अधीनस्थ जिला एव सत्र न्यायाधीश को स्थानीय जिला की कोविड परिस्थितियों को मद्देनजर रखते हुए अदालतें खोलने पर निर्देश जारी किए थे। इसी को लेकर पिछले दिनों बार एसोसिएशन के पदाधिकारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश से भी मिलकर अदालती कार्यवाही प्रारम्भ करवाने के लिए मिले थे।