जानकारी देते पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह
- फोटो : अमर उजाला
हिसार के वरिष्ठ डॉक्टर रविंद्र गुप्ता से मारपीट तथा अपहरण प्रयास में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि रविंद्रा अस्पताल के पास बिरयानी की रेहड़ी लगाने वाले लोकेश ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया गया था। डॉ. रविंद्र गुप्ता ने अपहरण के प्रयास के आरोप लगाए हैं उस एंगल से भी पुलिस अपनी छानबीन करेगी। पकड़े गए लोकेश तथा उसके साथी जितेंद्र को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और वारदात में शामिल तीसरे आरोपी संकित का पता लगाया जाएगा।
यह था मामला
गौरतलब है कि पुलिस को दी गई शिकायत में मॉडल टाउन एक्सटेंशन निवासी डॉ. रविंद्र गुप्ता ने बताया था कि सोमवार सुबह छह बजे घर की मेन डोल बैल बजी। बैल की आवाज सुनकर पत्नी नीलम मुख्य दरवाजे पर गई लेकिन, वहां पर कोई नहीं मिला। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके आठ मिनट बाद दोबारा से डोर बैल बजी। इस बार मैं दरवाजे पर गया और दरवाजा खोला, इसी दौरान दो युवकों ने पीछे से मुझे पकड़ लिया और मारपीट करने लगे। आरोप है कि युवकों ने मेरे अपहरण का प्रयास किया। मैंने शोर मचाया तो हमलावर युवक वहां से फरार हो गए। बुधवार को आईएमए का प्रतिनिधिमंडल एसपी लोकेंद्र सिंह से भी मिला था। एसपी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। पुलिस की कार्रवाई से नाखुश आईएमए गुरुवार को हड़ताल करते हुए ओपीडी सेवाएं बंद रखी थी। आज भी ओपीडी बंद है।