अगस्त माह में हिसार डिपो को 12 नई बसें मिलेंगी। इसको लेकर मुख्यालय की ओर से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खास बात रहेगी कि इन बसों को दिल्ली, चंडीगढ़ समेत लंबे रूट पर चलाया जाएगा। वर्तमान समय में हिसार और हांसी सब डिपो में कुल 225 बसें हैं। इनमें से 175 बसें लोकल से लेकर लंबे रूट पर दौड़ रही हैं। अन्य बसें कंडम हो चुकी हैं। जिन्हें वर्कशॉप में खड़ा किया हुआ है।
बता दें, कि रोडवेज को कुल 40 बसें मिलनी हैं। पहले चरण में 12 बसें ही लेने की अनुमति मिली है। इन बसों के पहुंचने के बाद यात्रियों को काफी राहत मिलेंगी। उधर, इलेक्ट्रिक बसों को लेकर भी मुख्यालय स्तर पर बातचीत चल रही है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन गुरुग्राम में बसें तैयार की जा रही है। बसों को लेकर रोडवेज की ओर से मुख्यालय बातचीत चल रही है।
जहां एक ओर नई बसों को लंबे रूट पर चलाया जाएगा, वहीं इलेक्ट्रिक बसों को ग्रामीण रूट पर दौड़ाया जाएगा। कारण है कि सबसे ज्यादा विद्यार्थियों और यात्रियों को ग्रामीण रूट पर समस्या आ रही है। ग्रामीण रूट पर बसों की सुविधा नहीं मिलने के कारण विद्यार्थी कई बार प्रदर्शन कर रोड जाम कर चुके हैं। मगर अब जल्द समस्या दूर होगी।
हिसार डिपो को 40 नई बसें मिलनी हैं, मगर पहले चरण में सिर्फ12 बसें ही मिलेंगी। अगस्त माह में रोडवेज के बेड़े में बसों की संख्या बढ़ जाएगी। बसें आने के बाद यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा।
- राहुल मित्तल, महाप्रबंधक, रोडवेज