हरियाणा के हिसार में पड़ाव चौक पर त्रिवेणी के नीचे गोवंश का कटा सिर मिलने और धार्मिक स्थल पर पथराव की घटना को गैर राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग दंगा भड़काने की साजिश के तौर पर देख रहे हैं। इसे अप्रत्यक्ष तौर पर राजनीतिक संगठनों का कुत्सित प्रयास बताया जा रहा है। दोनों ही मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एकजुट कई संगठनों के प्रतिनिधि रविवार दोपहर शहर थाने पहुंचे और रोष जताया।
प्रतिनिधियों ने कहा कि चुनाव के मौके पर शहर की शांति भंग करने के लिए राजनीतिक संगठन दंगा भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। इन घटनाओं के पीछे, जो भी है उनकी शीघ्र गिरफ्तारी होनी चाहिए। उधर, त्रिवेणी के नीचे गोवंश का कटा सिर मिलने के बाद गो रक्षा संघर्ष समिति की 11 सदस्यीय कमेटी सोमवार शाम बैठक करेगी। कमेटी ने पुलिस को तीन दिन का अल्टीमेटम देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
शहर थाने पहुंचे लोगों ने दोनों वारदात की निंदा की और पुलिस से इस घटना के पीछे जो भी हैं, उनके चेहरे उजागर करने की मांग की। प्रतिनिधियों ने कहा कि एक राजनीतिक संगठन से जुड़े सदस्य अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के प्रति नफरत फैला रहे हैं जबकि अब तक किसी के नाम का खुलासा नहीं हुआ है।
चुनावी माहौल में कुछ लोग भड़काऊ बयान देकर, नफरत फैलाकर अपनी राजनीतिक रोटिया सेंकना चाह रहे हैं, लेकिन हम इसे सफल नहीं होने देंगे। विभिन्न संगठनों से जुड़े प्रशांत, आशीष जैन, संजीव भोजराज, आदित्य कुमार, सुमन देवी, सौरभ कुमार, राजीव, विरेंद्र सिंह बागोरिया, कृष्ण कुमार आदि ने कहा, पुलिस को इस मामले में त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह पड़ाव चौक स्थित त्रिवेणी के नीचे गोवंश का कटा सिर मिला था, वहीं इसी दिन रात करीब 10 बजे लाहौरिया चौक स्थित एक धार्मिक स्थल पर पत्थर और बीयर की बोतलें फेंकी गईं।
आज खत्म होगा अल्टीमेटम
त्रिवेणी के नीचे गोवंश का कटा सिर मिलने के मामले में पुलिस अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वारदात के बाद शनिवार को गुर्जर धर्मशाला में गो रक्षक संघर्ष समिति की बैठक हुई। इस दौरान 11 सदस्यों की कमेटी गठित की गई। कमेटी के सदस्य डाॅ. सुमित ने बताया कि पुलिस प्रशासन को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था। सोमवार शाम कमेटी के सदस्य फिर बैठक करेंगे। इस दौरान जो भी निर्णय लिया जाएगा, मंगलवार को आमजन के सामने रखा जाएगा ताकि आगामी रणनीति बनाई जा सके।
धार्मिक स्थल पर पथराव मामले में आरोपियों का सुराग नहीं
लाहौरिया चौक के पास शुक्रवार रात कार सवार दो युवकों द्वारा धार्मिक स्थल पर पत्थर और बीयर की बोतल फेंकने के मामले में एचटीएम थाना पुलिस जांच में जुटी है। हालांकि रविवार शाम तक किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने धार्मिक स्थल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल की है, लेकिन आरोपियों के चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं, जिस कारण उनकी पहचान में मुश्किल आ रही है।
त्रिवेणी के नीचे गोवंश का कटा सिर मिलने के मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं। इसके अलावा आज जिन जनसंगठनों ने शिकायत दी है, उस पर भी संज्ञान लिया है। - अमित बैनीवाल, शहर थाना प्रभारी
गोवंश से भरा ट्रक पकड़ा, 10 गाय और 4 बछड़ों को मुक्त करवाया
अग्रोहा। बरवाला-अग्रोहा मार्ग पर रविवार अलसुबह गोपुत्र सेना, बरवाला विकलांग गोरक्षा संगठन ने पुलिस के सहयोग से गोवंश से भरा ट्रक पकड़ा। ट्रक से 10 गायों व 4 बछड़ों को मुक्त करवाया गया। एक गोवंश मर चुका था।
गोपुत्र सेना के जिला संगठन मंत्री मोहित किरोड़ी ने बताया कि उन्हें एक ट्रक में गोवंश भरकर ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस के सहयोग से बालक चौपटा पर नाका लगाया। संदेह के आधार पर एक ट्रक को रुकवाया। ट्रक चालक बल्लभगढ़ के अशोक नगर निवासी पवन से पूछा कि ट्रक में क्या है तो उसने कहा कि इसमें लोहा भरा है। ट्रक के पिछले हिस्से में तिरपाल हटाकर देखा तो 15 गोवंश भर थे, जो एक-दूसरे के नीचे दबे हुए थे। एक गोवंश मर चुका था। सभी गोवंश को श्री गोपाल गोशाला बरवाला भेज दिया गया। ट्रक चालक ने बताया कि उसे रास्ते की जानकारी नहीं थी। ऐसे में ट्रक के आगे बोलेरो गाड़ी चल रही थी। पुलिस को देखकर बोलेरो चालक नूंह निवासी सलीम गाड़ी भगा ले गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
शहर की शांति और भाईचारा बिगाड़ने की कोशिश नहीं होने देंगे कामयाब
त्रिवेणी के नीचे गोवंश का कटा सिर मिलने और धार्मिक स्थल पर पत्थर फेंकने की घटना के बाद शहर में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए लेकर दोनों समुदायों के लोग आगे आए हैं। इन लोगों की मानें तो ऐसी घटनाओं के जरिए आपसी भाईचारा बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है, मगर हम ऐसा नहीं होने देंगे। शहर में आज तक दोनों समुदायों के लोग मिलजुल कर रहे हैं और आगे भी ऐसा ही रहेगा। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि कुछ असामाजिक तत्व शांति और सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रहे हैं, उनके इरादों को कामयाब नहीं होने देना है।
त्रिवेणी के नीचे गोवंश का कटा सिर मिलना और धार्मिक स्थल पर पथराव करना निंदनीय है। ऐसा करके दोनों समुदाय के लोगों का भाईचारा बिगाड़ने का काम किया जा रहा है। सभी को मिलजुल कर रहना चाहिए, ताकि सौहार्द बना रहे। इस मामले में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
- कृष्ण सिंह पाली
असामाजिक तत्व ऐसी वारदात कर शहर में दंगा फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। चुनाव के दौरान कुछ राजनीतिक पार्टियां दंगे भड़काने का प्रयास करती हैं। शहरवासियों को ऐसे लोगों से बचना चाहिए और आपसी भाईचारा बनाए रखना चाहिए।
- संजीव भोजराज
शहर में जो रहा है वह गलत है। जिन लोगों ने भी घिनौना कार्य किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सभी को मिलजुल कर रहना चाहिए। आमजन को भी सतर्क रहने की जरूरत है। असामाजिक तत्व ऐसी वारदात करके आपसी भाईचारा बिगाड़ना चाहते हैं। -
जसमेर
जो भी असामाजिक तत्व त्रिवेणी के नीचे गोवंश का कटा सिर रखकर गया है और जिसने धार्मिक स्थल पर पथराव किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसा करने वालों के चेहरे आमजन के सामने बेनकाब होने चाहिए। दोनों समुदाय के लोगों में भाईचारा है और हमेशा बना रहेगा। समाज के सभी लोगों से अपील है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।
- होशियार खान
धार्मिक स्थल पर पत्थर फेंकने और गोवंश का कटा सिर त्रिवेणी के नीचे मिलने की घटना निंदनीय है। कोई भी धर्म किसी अन्य धर्म के विचारों के प्रति हिंसा, विरोध या असहमति नहीं रखता। हिसार अमन-चैन और भाईचारा कायम रखने वाले लोगों का शहर है। प्रशासन शरारती तत्वों पर सख्त कार्रवाई करे।
- नूर मोहमद, सामाजिक कार्यकर्ता