फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar Airport: अगस्त में पहली उड़ान श्रीराम धाम अयोध्या, तीसरे चरण में पूरी दुनिया से जुड़ेगा हवाई अड्डा

Fri, 21 Jun 2024 01:19 AM IST
भूपेंद्र सिंह अमर उजाला ब्यूरो, हिसार (हरियाणा)

सार

महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से अयोध्या के लिए उड़ान शुरू होंगी। 2 से 3 हजार रुपये प्रति टिकट किराया हो सकता है। सीएम ने कहा यह दुनिया का सबसे  बड़ा एयरपोर्ट होगा, 7200 एकड़ में विकसित किया जा रहा है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हिसार में आकार लेने वाले प्रदेश के पहले महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से अगस्त से हवाई जहाज उड़ान भरने लगेंगे। पहली उड़ान भगवान श्रीराम के धाम अयोध्या के लिए होगी। चंडीगढ़, जयपुर, जम्मू, और अहमदाबाद सहित अन्य क्षेत्रों के लिए भी इस टर्मिनल से उड़ान की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। प्रारंभिक तौर पर किराया 2 से 3 हजार रुपये प्रति व्यक्ति टिकट हो सकता है। तीसरे चरण में यह हवाई अड्डा पूरी दुनिया से जुड़ेगा। इसके बनने से हिसार के विकास की राह पर रफ्तार भरेगा।

विज्ञापन


हिसार में हवाई अड्डे के रनवे सहित 9 परियोजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास समारोह में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि उड़ान योजना के तहत हवाई चप्पल वाला भी हवाई जहाज में यात्रा करेगा। इस एयरपोर्ट पर विकास कार्यों की शुरुआत से यह कार्य पूरा होने जा रहा है।

आने वाले वर्षों में हिसार एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने का लक्ष्य है। अक्तूबर 2020 में इस एयरपोर्ट के रनवे निर्माण की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भूमि पूजन के साथ की थी। अब रनवे के समानांतर टैक्सी वे का विस्तार भी किया जा रहा है।
विज्ञापन


सैनी ने कहा कि पिछले दस साल में केंद्र और हरियाणा की डबल इंजन की सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 1350 किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवे बनाए हैं। रेलवे की कई बड़ी परियोजनाओं के कार्य भी किए गए हैं। आजादी के बाद 55 साल में देशभर में 74 एयरपोर्ट थे। भाजपा ने 10 साल में इसे 150 तक पहुंचाया है।

विपक्ष ने जनता को बरगलाया
सीएम ने कहा कि विपक्षी नेताओं ने पिछले दिनों चुनाव में झूठ बोलकर आम जनता को बरगलाने का काम किया। उन्होंने झूठ बोला कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बन गए तो संविधान को खत्म कर देंगे, जबकि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह देश संविधान के अनुरूप चला है। हरियाणा सरकार ने हैप्पी योजना शुरू कर एक लाख से कम वार्षिक आय वाले परिवार के हर सदस्य को प्रति वर्ष 1 हजार किलोमीटर मुफ्त यात्रा का लाभ दिया है। सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का भी शुभारंभ किया जा चुका है। इसके तहत 1,80,000 रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवार मुफ़्त में योजना का लाभ उठा पाएंगे।

सीएम का कार्यक्रम जीजेयू नहीं फ्लेमिंगो में होगा
वीरवार शाम मौसम में हुए बदलाव के बाद जीजेयू के महाराणा प्रताप क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित समारोह का स्थान बदल दिया गया है। प्रदेशस्तरीय योग महोत्सव को फ्लेमिंगो टूरिज्म कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थी हिस्सा नहीं लेंगे। अब विद्यार्थियों को अपने स्कूल स्तर पर योग के लिए कहा गया है। योग समारोह 5.45 बजे शुरू होगा। पहले सरकारी स्कूल के करीब 7 हजार विद्यार्थियों को कार्यक्रम में हिस्सा लेना था।

सीएम ने 21 मिनट तो मंत्री डॉ. गुप्ता ने 21 मिनट दिया भाषण
रैली के लिए तय किए गए गलत समय और खराब हुए मौसम ने अव्यवस्था का माहौल बना दिया। सीएम नायब सिंह सैनी के संबोधन से पहले ही महिलाओं की अधिकतर कुर्सियां खाली हो गई। रैली को कम समय में ही पूरा करना पड़ा। डॉ. कमल गुप्ता और सीएम के अलावा किसी को भी संबोधन का समय नहीं दिया गया। डॉ. कमल गुप्ता का संबोधन भी महज 7 मिनट का रहा। सीएम ने भी 21 मिनट में ही भाषण खत्म कर दिया। 47 मिनट में ही रैली को पूरा करना पड़ा। हांसी विधायक विनोद भयाना, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा को भी संबोधन का मौका नहीं मिला।

सीएम की रैली के लिए शाम 6 बजे का समय तय किया गया था। बरवाला सहित दूर-दराज के गांवों से आई महिलाएं सूर्यास्त व खराब मौसम के चलते रैली खत्म होने से पहले ही बाहर निकलने लगीं। भाजपा पदाधिकारी भी महिलाओं को मना नहीं सके। दरअसल रैली का समय गलत चुना गया। शाम के समय महिलाएं रैली में जाना पसंद नहीं करतीं।

सीएम के सामने नीले रंग का कपड़ा फहराया...
सीएम की रैली में पहुंचे आदर्श कालोनी निवासी शंकर ने सीएम के संबोधन के दौरान नीले रंग का कपड़ा लहराया। यह व्यक्ति पहले से ही रैली में बैठा हुआ था। जिसने अपने कुर्ते के नीचे गहरे नीले रंग की बनियान जैसा कपड़ा पहना हुआ था। जब सीएम बोलने लगे तो अचानक नीले रंग का कपड़ा लहराने लगा। मौके पर सादी वर्दी में तैनात पुलिस कर्मियों ने बुजुर्ग व्यक्ति को दबोच लिया। बुजुर्ग ने बताया कि वह हिसार से ही है। उनके 5 मकान तोड़ने के विरोध में यह कदम उठाया है। बता दें कि पुलिस की ओर से गेट पर सभी की जांच की जा रही थी। जिसमें काले रंगे के कपड़ों को गेट पर ही रखवाया जा रहा था। ऐसा न करने वालों को वापस भेज दिया गया।

सीएम के संबोधन के समय महिलाओं की कुर्सियां खाली
सीएम नायब सिंह सैनी संबोधित करने लगे तब महिलाओं की अधिकतर कुर्सियां खाली हो चुकी थी। कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन महिलाओं ने उनकी नहीं मानी। रोडवेज व निजी स्कूल बसों के जरिए महिलाओं को यहां लाया गया था। महिलाएं इन वाहनों को छोड़कर अपने खर्च पर ही चली गईं। रैली स्थल पर पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं थी। जिसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

होर्डिंग्स की होड़..
सीएम की रैली स्थल के पास भाजपा कार्यकर्ताओं में होड़ दिखाई दी। यहां पर बड़ी संख्या में होर्डिंग्स लगाए गए थे। सीएम की रैली में मौसम खलनायक बन गया। पहले धूल भरी आंधी चलने से होर्डिंग्स उखड़ गए। बाद में बारिश के चलते अव्यवस्था फैल गई। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

आईजीआई एयरपोर्ट से बड़ा होगा हिसार का हवाई अड्डा
नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा हिसार से पहली फ्लाइट भगवान श्रीराम को समर्पित होगी, जो हिसार से अयोध्या जाएगी। यह देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा होगा। दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डा 5000 एकड़ में बना हुआ है, जबकि हिसार का हवाई अड्डा 7200 एकड़ में विकसित हो रहा है। हवाई जहाज चलाने वाली कंपनियों से पिछले दिनों समझौता ज्ञापन हो गया है। इसके अलावा हवाई अड्डा प्राधिकरण को लाइसेंस के लिए अर्जी दे दी गई है। इसकी आवश्यक फीस भी जमा करवा दी गई है। लगभग एक महीने में सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी और उसके बाद फ्लाइट शुरू हो जाएगी। उद्घाटन अवसर पर हरियाणा विधान सभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, विधायक विनोद भयाणा, पूर्व राज्य सभा सांसद जनरल डीपी वत्स, नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, भाजपा के प्रदेश महासचिव सुरेंद्र पूनिया, भाजपा जिला अध्यक्ष आशा खेदड़ व पूर्व विधायक प्रोफेसर छत्तरपाल आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें