हिसार। साउथ बाईपास पर पेट्रोल पंप के सामने बालसमंद नहर में गिरे माडॅल टाउन निवासी 9 वर्षीय हिमांशु का दूसरे दिन भी पता नहीं चल पया। मंगलवार को पुलिसकर्मी और परिजन नहर में बच्चे की तलाश में जुटे रहे। दो दिन से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशान खड़े किए हैं। उनका कहना है कि दो दिन बीत जाने के बाद पुलिस नहर से पानी कम नहीं करवा पाई है।
एक थाने से दूसरे थाने भेजते रहे
हिमांशु के परिजनों ने बताया कि सोमवार साढ़े पांच बजे हिमांशु पानी में बहा था, उसके बाद से लेकर अभी तक उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों का कहना है कि सुबह वे आजाद नगर थाना गए थे। वहां पर मौजूद थाना प्रभारी ने कहा कि यह मामला सदर थाने में आता है वहां पर जाकर पता करें। आरोप है कि पुलिस प्रशासन की तरफ से सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। अभी तक न तो नहर का पानी कम करवाया है और न ही व्यापक स्तर पर हिमांशु की तलाश की जा रही है। हम अपने स्तर पर उसकी तलाश कर रहे हैं।
यह था मामला
जानकारी के अनुसार साउथ बाईपास पर स्थित एक कॉलोनी में रहने वाला 9 साल का हिमांशु सोमवार शाम साढ़े पांच बजे अपने दोस्तों के साथ पेट्रोल पंप के सामने बालसमंद नहर पर आया था। पेट्रोल पंप से थोड़ी दूर पर नहर किनारे पूजा अर्चना चल रही थी। हिमांशु वहीं पर खड़ा था। अचानक उसका पांव फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया। वहां पर मौजूद दो युवकों ने नहर में छलांग लगाकर हिमांशु की तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई अता पता नहीं चला। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी।