सिरसा। हरियाणा मेडिकल कौंसिल की ओर से अंबाला में रविवार को चिकित्सक गौरव अवार्ड कार्यक्रम-2022 आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गृह तथा स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण अरोड़ा तथा मनोरोग विशेषज्ञ नागरिक अस्पताल डॉ. पंकज शर्मा को शील्ड तथा सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में आईएमए से जुड़े हरियाणा के प्रमुख सरकारी तथा प्राइवेट अस्पतालों के डॉक्टरों को चिकित्सा क्षेत्र में बेहतरीन सेवाएं देने के लिए सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चिकित्सक का पेशा समाजसेवा का है और चिकित्सक को भगवान का दर्जा भी दिया गया है। इस मौके पर अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव राजीव अरोड़ा, डायरेक्टर जनरल स्वास्थ्य डॉ. वीना सिंह, हरियाणा मेडिकल कौंसिल तथा आईएमए हरियाणा के पदाधिकारी उपस्थित थे।