हिसार। डेंगू रोगियों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। लारवा को नियंत्रित करने और रोग के फैलाव को रोकने में स्वास्थ्य विभाग के प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। शनिवार को जिले के अलग-अलग इलाकों से 14 और नए केस सामने आने के साथ ही इस सीजन में रोगियों का आंकड़ा 291 तक पहुंच गया है। पिछले 10 दिन से डेंगू के केस लगातार मिल रहे हैं। नागरिक अस्पताल में आने वाले वायरल के मरीजों की डेंगू जांच करवाई जा रही है। अस्पताल में वायरल बुखार के रोजाना करीब 25 रोगी आ रहे हैं।
उप सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि शनिवार को डेंगू के 14 नए मरीज सामने आए हैं। इनके घरों और आसपास नगर निगम की सहायता से फॉगिंग करवाई है। नागरिक अस्पताल में डेंगू मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाया गया है। सभी निजी अस्पतालों को निर्देश दिए हैं कि डेंगू की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिकता से भेजें। डेंगू की जांच के लिए भी रेट तय किए हैं। रोगियों के परिजनों और आसपास के घरों के लोगों के भी खून के सैंपल ले रहे हैं। रोजाना करीब 50 सैंपल लैब में भेजे जा रहे हैं।
लारवा जांच के लिए 35 टीमों का गठन
स्वास्थ्य विभाग ने लारवा की जांच के लिए 35 टीमों का गठन किया हुआ है। लारवा मिलने पर अब तक 4000 से अधिक लोगों को चेतावनी नोटिस दिए जा चुके हैं। दोबारा से लारवा मिलता है तो चालान किया जाएगा। जो टीमें घर-घर जा रही हैं, वह लोगों को डेंगू और मलेरिया के लक्षण और बचाव के बारे में बता रही हैं। अब तक 250 से अधिक तालाबों में गंबूजिया मछली डाली जा चुकी हैं।
डेंगू के पिछले 3 वर्षों में मिले केस
वर्ष - डेंगू के केस
2021 - 1009
2022 - 1799
2023- 625
2024 -291