बैठक को संबोधित करतीं डीसी डॉ. प्रियंका सोनी।
- फोटो : Hisar
हिसार। हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन की ओर से आयोजित की जाने वाली एचसीएस (एक्स ब्रांच) और अदर एलाइड सर्विसेज परीक्षा के लिए जिले में 58 केेंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर 15 हजार 912 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी व्हाट्स एप ग्रुप के जरिये आपस में जुड़े रहेंगे। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू रहेगी।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने शनिवार को जिला सभागार में एचसीएस परीक्षा के दृष्टिगत आयोजित बैठक में ड्यूटी मजिस्ट्रेट व सेंटर सुपरिंटेंडेंट को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को दो शिफ्टों में एचपीएससी की ओर से परीक्षा ली जाएगी। इसके लिए 18 ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
एडीसी एवं एचसीएस परीक्षा के नोडल अधिकारी स्वप्निल रविंद्रा पाटिल ने बताया कि परीक्षा के दिन संबंधित अधिकारी अपनी गाड़ियों के आगे-पीछे ऑन एग्जाम ड्यूटी का स्टीकर लगाना सुनिश्चित करें। एएसपी उपासना ने बताया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं सेंटर सुपरिंटेंडेंट आवश्यकता पड़ने पर 100 व 112 नंबर डायल कर सकते हैं। इस अवसर पर नगराधीश विजया मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप सिहाग, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी धनपत आदि मौजूद रहे।