हांसी। हांसी से तोशाम रोड को फोरलेन करने के बजाए अब विशेष मरम्मत की जाएगी। हांसी-तोशाम रोड के लिए अब लोकनिर्माण विभाग ने नए सिरे से योजना बनाकर मुख्यालय में अनुमति के लिए भेजी है। नई योजना के अनुसार इस रोड पर 21 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
यह पूरा रोड फोरलेन नहीं होगा। अब यह रोड केवल तोशाम चुंगी से नहर तक फोरलेन होगा। नहर से 740 मीटर दूरी तक इसे 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। यहां तक का हिस्सा शहर के दायरे में आता है। इससे आगे 10 किलोमीटर तक इस रोड की विशेष मरम्मत होगी। इसे चौड़ा नहीं किया जाएगा। अभी यह सात मीटर चौड़ा है। इस हिस्से को नया बनाया जाएगा। वहीं हांसी-तोशाम रोड पर 11 किलोमीटर के बाद का कार्य लोकनिर्माण विभाग की भिवानी डिविजन ने करवा दिया है। दरअसल इस रोड को फोरलेन बनाने की योजना थी। इसके लिए 60 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाया था। इसके लिए सरकार से अनुमति मिल गई थी। लेकिन वन विभाग से अनुमति नहीं मिली। दरअसल इस रोड को चौड़ा करने के लिए जमीन वन विभाग से लेनी थी। जिसके लिए पेड़ों को काटना पड़ता। वन विभाग ने जमीन के बदले जमीन की मांग की थी। लोकनिर्माण विभाग के पास जमीन न होने के कारण मंजूरी नहीं मिल सकी थी। अब विभाग ने नए सिरे से योजना बनाई है। रोड को बनाने के लिए लोकनिर्माण विभाग ने निरीक्षण शुरू कर दिया है। इस रोड के निर्माण के लिए केंद्र के सेंटर रोड फंड के तहत अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद इस पर आगामी काम शुरू होगा।
भारी वाहनों का रहता है आवागमन
इस रोड पर भारी वाहनों का आवागमन होता है। खासतौर पर खानक से भवन निर्माण सामग्री लेकर आने वाले वाहन इसी मार्ग से हांसी आते हैं। हांसी से होकर बरवाला, टोहाना, पंजाब की तरफ जाने वाली भवन निर्माण सामग्री भी यहीं से होकर जाता है। इसके साथ राजस्थान के मकराना से आने वाले पत्थरों के वाहन भी यहां से गुजरते हैं। इसके चलते यह रोड जल्दी ही टूट जाता है।
पांच वर्ष पहले बिछाई थी लेयर
वर्ष 2018 में इस रोड पर तारकोल की लेयर बिछाई गई थी। उसके बाद से इस रोड पर कोई काम नहीं हुआ। बीते दिनों भी इस रोड पर विभाग द्वारा मरम्मत का कार्य किया गया था।
दो ओवरब्रिज हैं इस रोड पर
हांसी से तोशाम रोड पर दो ओवरब्रिज हैं। एक ओवरब्रिज हांसी-भिवानी रेल मार्ग पर है। दूसरा ओवरब्रिज हांसी-रोहतक रेलवे लाइन पर है। ओवरब्रिज बनने के साथ ही यहां वाहनों का आवागमन पहले से बढ़ गया है।