हांसी। बढ़ रहे अपराधों पर नियंत्रण पाने के लिए हांसी जिला पुलिस द्वारा दो नई पुलिस चौकी बनाई गई है, अब इनके औपचारिक मुहूर्त का इंतजार है। हांसी शहर में बस स्टैंड तो दिल्ली रोड पर ग्राम पंचायत द्वारा की गई जमीन पर सोरखी गांव में पुलिस चौकी खोली जा रही है। इन दोनों पुलिस चौकी की बिल्डिंग लगभग तैयार हो चुकी है। चौकी इंचार्ज की अलॉटमेंट हो गई है और हांसी के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है। दोनों चौकी को शुरू करने के लिए एडीजीपी श्रीकांत जाधव के आने की संभावना है। बस स्टैंड पुलिस चौकी सिटी थाना व सोरखी पुलिस चौकी बास थाना के अधीन आएगी।
बस स्टैंड पर बढ़ रही चोरी की घटनाओं व आसपास के क्षेत्र में आपराधिक घटना को देखते हुए यहां पर पुलिस चौकी खोलने का निर्णय लिया गया है। शहर में पहले सिसाय पुल, किला बाजार व अनाज मंडी पुलिस चौकी है। किला बाजार पुलिस चौकी का दायरा सबसे बड़ा है। अधिकांश शहर के बीच के क्षेत्र किला बाजार पुलिस चौकी के अधीन ही आते हैं। किला बाजार पुलिस चौकी व अनाज मंडी पुलिस चौकी काफी पुरानी है। सिसाय पुल पुलिस चौकी करीब 2 वर्ष पहले ही बनाई गई है। वहीं हिसार जिले का दायरा दिल्ली रोड पर पीपला पुल तक है। हांसी से लेकर पीपला पुल तक कोई नाका व चौकी नहीं है। केवल पीपला पुल पर ही एक नाका है। इस रोड पर सड़क दुर्घटनाएं भी बहुत होती हैं। वहीं सोरखी व आसपास के गांव वालों की मांग थी कि पुलिस चौकी खोली जाए। सोरखी व आस पास के गांव बास थाना के अधीन आते हैं। इन गांवों के लिए बास थाना बहुत दूर पड़ता है, जिससे फरियादी को परेशानी होती थी।
यह क्षेत्र आएंगे चौकियों में अंतर्गत
बस स्टैंड पुलिस चौकी में बस स्टैंड, अमर मार्केट, छोटू राम कॉलोनी, तोशाम चुंगी, तोशाम रोड, ऑटो मार्केट, मॉडल टाउन, शांति निकेतन, काली देवी चौक, न्यू सुभाष नगर, जगन्नाथ मंडी जैसे कई क्षेत्र इसके अधीन आएंगे। शहर की लगभग 35 हजार की आबादी चौकी के अधीन आएगी। वहीं, सोरखी पुलिस चौकी में सोरखी, सीसर, खरबला, मेहन्दा, गढ़ी, बांडाहेड़ी व अन्य कई गांव चौकी के अधीन आएंगे।
बस स्टैंड चौकी के लिए 8813089330 नंबर जारी किया गया है। सोरखी के लिए अभी नंबर जारी नहीं किया गया। बस स्टैंड व सोरखी में नई पुलिस चौकी बनाने की योजना है। इस पर कार्य चल रहा है। जल्दी ही यहां पर नई चौकी खोल दी जाएगी। - प्रदीप यादव, डीएसपी, हांसी