हिसार। अनाज मंडी में मूंगफली सफाई करते मजदूर। संवाद
- फोटो : Hisar
हिसार। गरीबों के बादाम यानी मूंगफली की आवक हिसार अनाज मंडी में शुरू हो चुकी है। सोमवार को हनुमानगढ़ जिले के किसान मूंगफली बेचने मंडी में पहुंचे। मूंगफली व्यापारियों का कहना है हर सितंबर महीने में मूंगफली का सीजन शुरू होता है जो कि फरवरी-मार्च तक चलता है। मूंगफली का सीजन हिसार में करीब 10 हजार लोगों को रोजगार प्रदान करता है। हिसार अनाज मंडी में 90 प्रतिशत मूंगफली राजस्थान से आती है, सिर्फ 10 प्रतिशत मूंगफली की आवक हरियाणा से होती है। हरियाणा में राजस्थान के लगते रेतीले क्षेत्रों में ही मूंगफली की खेती होती है। व्यापारियों ने बताया कि हरियाणा की सभी अनाज मंडियों में राजस्थान से आई हुई मूंगफली की मांग ज्यादा रहती है। प्रदेश में सबसे ज्यादा हिसार की अनाज मंडी में राजस्थानी मूंगफली की आवक होती है। व्यापारियों का कहना है कि राजस्थान की मूंगफली से हिसार के व्यापार को बहुत फायदा होता है।
नेपाल तक जाती हैं हिसार से मंगफली
हिसार की अनाज मंडी से नेपाल तक मूंगफली जाती है। इसके साथ-साथ भारत के हर राज्य में भी मूंगफली का व्यापार होता है। फिलहाल मूंगफली सीजन शुरू ही हुआ है। हिसार की मंडी में राजस्थान के जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, झुंझुनू और हनुमानगढ़ सहित अन्य शहरों से मूंगफली की आवक होती है।
करीब 5 हजार लोगों को देती है रोजगार
मूंगफली के व्यापारियों ने बताया कि हिसार अनाज मंडी में मूंगफली का व्यापार जिले में करीब 5 हजार लोगों को रोजगार देता है। इसमें किसान, मजदूर, व्यापारी, ड्राइवर, दुकानदार व मूंगफली का ठेला लगाने वाले तक शामिल हैं। फिलहाल हिसार अनाज मंडी में 5 हजार से लेकर 6500 रुपये प्रति क्विंटल के रेट पर मूंगफली का व्यापार हो रहा है।
वर्जन
अनाज मंडी में मूंगफली का आवक शुरू हो चुकी है। मूंगफली से हिसार के बाजार को आर्थिक रूप से फायदा होता है। ज्यादातर मूंगफली राजस्थान से आती है। ये बहुत खुशी की बात है कि हिसार से पूरे देश में मूंगफली का व्यापार होता है।
जगदीश जैन बंटी, मूंगफली व्यापारी।