एकल उपयोग प्लास्टिक मिलने पर दुकानदार का चालान करती नगर निगम की टीम।
- फोटो : Hisar
हिसार। नगर निगम की स्वच्छता शाखा टीम ने एकल उपयोग प्लास्टिक मिलने पर सात दुकानदारों पर 13 हजार रुपये जुर्माना लगाया। सभी दुकानदारों ने मौके पर भी जुर्माना राशि जमा करवा दी।
इस दौरान टीम ने जहाजपुल स्थित एक किराना स्टोर मालिक पर जुर्माना लगाया। साथ ही दुकान से मिला एकल उपयोग प्लास्टिक जब्त कर लिया। सूचना पाकर उक्त वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने निगम की टीम से कहा कि आपने दुकानदार से जुर्माना भरवा लिया है। अब जब्त किया सामान लौटा दो। इस टीम इंचार्ज ने कहा कि नियमानुसार जब्त किया सामान वापस नहीं होगा। टीम में इंचार्ज देवेंद्र बिश्नोई के अलावा सहायक सफाई निरीक्षक रोहित व कपिल, एपीओ सत्येंद्र यदुवंशी शामिल रहे।
उधर, निगम की टीम ने शुक्रवार को दूसरी बार एचएयू परिसर स्थित एक दुकान से एकल उपयोग प्लास्टिक जब्त किया। टीम ने उक्त दुकानदार पर 500 रुपये जुर्माना लगाया। इससे पहले भी निगम की टीम ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित कैंटीन व दुकानों से एकल उपयोग प्लास्टिक जब्त कर उनसे जुर्माना वसूला था। बावजूद इसके परिसर में एकल उपयोग प्लास्टिक का इस्तेमाल हो रहा था।