हिसार। दो लोगों ने सस्ता सीमेंट-सरिया दिलाने के नाम पर गांव रामायण निवासी अंकुश से 50 हजार रुपये ठग लिए। सिटी थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। दोनों ने खुद को पीडब्ल्यूडी का कर्मचारी बताकर सस्ते रेट में सरिया, सीमेंट दिलाने की बात कही।
पुलिस को दी शिकायत में गांव रामायण निवासी अंकुश ने बताया कि उनके घर में निर्माण का काम चल रहा है। 14 जून को दो अनजान आदमी हमारे घर आए। उन्होंने खुद को पीडब्ल्यूडी का कर्मचारी बताया। उन्होंने कहा कि आपको मकान बनाने के लिए सरिया, सीमेंट व ईंट सस्ते दिलवा देंगे। हम विभाग के लिए काफी सामान खरीदते रहते हैं। दुकानदाराें से हमारा अच्छा संपर्क है। उनमें से एक ने अपना मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि हिसार शहर आओ तो फोन कर देना।
अंकुश ने बताया कि वह डोगरान मोहल्ला निवासी अपने फूफा रामस्वरूप के साथ बाइक पर सवार होकर 15 जून को ऑटो मार्केट गया। जब उस व्यक्ति द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर फोन किया तो उसने हमें अनाज मंडी में बुलाया। हम दोनों नागरिक अस्पताल के पास चाय के खोखे के पास बैठ कर उनका इंतजार करने लगे। वह दोनों व्यक्ति वहीं खोखे पर आ गए। एक आदमी रामस्वरूप को जहाजपुल चौक पर ले गया। उस आदमी ने सीमेंट-सरिया की दुकान दिखाकर कहा कि यहां से सामान दिलवाउंगा। इसके बाद अंकुश ने सामान की सूची दी, तो आरोपी ने कहा कि इसके 60 हजार रुपये लगेंगे। इसके बाद हमने उन्हें 50 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि सामान लोड करवा देते हैं। कुछ समय बाद उन्होंने दुकान पर जाने को कहा। जब अंकुश अपने फूफा के साथ दुकान पर गया तो दुकानदार ने बताया कि उसके पास कोई पेमेंट नहीं आई है। बाद में आरोपियों को कोई संपर्क नहीं हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।